फिल्म स्टार्स को तुकाराम मुंढे की चेतावनी, बोले- कोई भी कानून से ऊपर नहीं...

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 03:34 PM (IST)

नारी डेस्क : फिल्मी सितारों की लोकप्रियता उन्हें लाखों लोगों तक आसानी से पहुंचाती है। यही वजह है कि किसी प्रोडक्ट के विज्ञापन में नजर आने वाले कलाकारों की जिम्मेदारी को लेकर भी अक्सर सवाल उठते रहे हैं। अब महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने फिल्मी सितारों को लेकर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उस अपील का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कलाकारों से ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार करने से बचने को कहा था जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने क्या कहा था?

22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन हुआ। इसी दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फिल्म कलाकारों से उनके प्रभाव का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफल कलाकार जब अनुशासित जीवनशैली और उसके फायदों की बात करते हैं, तो बड़ी संख्या में बच्चे और युवा उनसे प्रेरित होते हैं। ऐसे में उन्होंने मशहूर कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक प्रोडक्ट्स का विज्ञापन न करने का अनुरोध किया। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि सच्चा सितारा वह है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं।

तुकाराम मुंढे ने भी दी साफ चेतावनी

राष्ट्रपति की इसी अपील को आगे बढ़ाते हुए महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, “Influence is not immunity.” यानी किसी की लोकप्रियता उसे कानून से छूट नहीं देती। मुंढे ने कहा कि कलाकारों को भी बाकी लोगों की तरह कानून का सम्मान करना चाहिए। उनके मुताबिक, जब कोई सेलिब्रिटी किसी प्रोडक्ट, व्यवहार या आदत का प्रचार करता है, तो उसकी जिम्मेदारी भी बनती है, क्योंकि लोग उससे प्रभावित होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी खाद्य प्रोडक्ट के प्रचार से सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता पैदा होती है, तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, “कोई भी कानून से ऊपर नहीं है” और किसी कलाकार की लोकप्रियता उसे ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार करने की छूट नहीं देती जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

यें भी पढ़ें : थायराइड में सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ता, शरीर में होती हैं ये 7 बड़ी परेशानियां

शाहरुख, अजय और टाइगर को भेजे गए थे नोटिस

तुकाराम मुंढे की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब महाराष्ट्र FDA ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को Vimal Elaichi के एक विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। FDA ने आरोप लगाया था कि यह विज्ञापन Vimal Pan Masala का सरोगेट प्रमोशन हो सकता है। महाराष्ट्र में इस तरह के पान मसाला उत्पादों को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। ये नोटिस 11 अगस्त को जारी किए गए थे और तीनों कलाकारों को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। तुकाराम मुंढे के अनुसार, दो कलाकारों ने अपना जवाब जमा किया, जबकि एक ने तय समय सीमा के भीतर जवाब नहीं दिया।

PunjabKesari

मामले में कोर्ट तक पहुंचा विवाद

Vimal Elaichi विज्ञापन का यह मामला अब कानूनी स्तर पर भी पहुंच चुका है। Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली हाई कोर्ट ने Vimal ब्रांड के इलायची और तंबाकू रहित पान मसाला बनाने-बेचने वाली मास्टर लाइसेंसी कंपनी PB Agro LLP की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें महाराष्ट्र FDA के नोटिस रद्द करने की मांग की गई थी। कोर्ट ने कहा कि उसके पास इस मामले में क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र नहीं है।

यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज

विज्ञापनों को लेकर क्यों उठते हैं सवाल?

सेलिब्रिटी विज्ञापनों का असर सिर्फ ब्रांड की पहचान तक सीमित नहीं रहता। किसी लोकप्रिय अभिनेता या कलाकार को किसी प्रोडक्ट से जोड़कर देखने पर दर्शकों में उसके प्रति भरोसा या आकर्षण बढ़ सकता है। इसी वजह से खाद्य विज्ञापनों में भ्रामक प्रचार और स्वास्थ्य से जुड़े दावों को लेकर कानून में भी प्रावधान हैं। Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा 24 भ्रामक या कानून के खिलाफ खाद्य विज्ञापनों पर रोक लगाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static