14 साल की लड़की ने दिया बच्चे को जन्म, डॉक्टरों ने बुला ली पुलिस… फिर खुला होश उड़ा देने वाला राज
punjabkesari.in Friday, Aug 01, 2025 - 11:07 AM (IST)

नारी डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची के सदर अस्पताल में एक 14 साल की नाबालिग छात्रा ने एक नवजात शिशु को जन्म दिया। यह घटना सामने आते ही अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बच्ची की उम्र और अविवाहित होने के कारण मामला संदिग्ध लगा। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत रांची के लोअर बाजार थाना पुलिस को सूचना दी। नाबालिग छात्रा झारखंड के गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसी के गांव का एक युवक शिवा अहीर उसे स्कूल आते-जाते समय परेशान करता था। एक दिन उसने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने इस बात को किसी को बताने की बात कही तो उसे बुरे अंजाम की धमकी दी गई।
बदनामी और डर से चुप रहा परिवार
घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। लेकिन समाज की बदनामी और आरोपी की धमकियों के कारण परिवार ने किसी को कुछ नहीं बताया। परिवार ने बेटी को गुपचुप गुमला से रांची लाकर रखा और किसी से मदद नहीं मांगी। जब बच्ची को प्रसव पीड़ा हुई तो उसे रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
इसके बाद डॉक्टरों ने जब बच्ची की उम्र और स्थिति जानी तो उन्हें संशय हुआ कि यह मामला गंभीर है। डॉक्टरों ने तुरंत लोअर बाजार थाना पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़े: खराब हैंडराइटिंग पर भड़की ट्यूशन टीचर, जलती मोमबत्ती पर रख दिया मासूम का हाथ
पुलिस ने दर्ज की ज़ीरो एफआईआर
पुलिस ने बच्ची का बयान दर्ज किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए ज़ीरो एफआईआर दर्ज की। इसके बाद मामले को पीड़िता के गृह जिले गुमला के बसिया थाना को स्थानांतरित किया गया। गुमला पुलिस ने एसपी हासिश बिन जमा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक शिवा अहीर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ चल रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
झारखंड में बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि बेटियों की सुरक्षा के लिए सिर्फ कानून बनाना काफी नहीं, बल्कि समाज, प्रशासन और परिवारों को मिलकर आगे आना होगा।