महिलाओं की मर्यादा से खिलवाड़ नहीं…हिजाब विवाद पर भड़कीं ‘दंगल गर्ल’
punjabkesari.in Tuesday, Dec 16, 2025 - 11:08 AM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री और ‘दंगल’ फेम जायरा वसीम एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस बार उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े एक विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जायरा वसीम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर नीतीश कुमार के व्यवहार पर नाराज़गी जताई है।
दरअसल, हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में वह नियुक्ति पत्र देते समय एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब (नकाब) हटाते हुए नजर आ रहे हैं। हिजाब हटाने के बाद नीतीश कुमार के चेहरे पर मुस्कान भी दिखाई देती है। इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
जायरा वसीम ने क्या कहा?
जायरा वसीम ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए, खासकर सार्वजनिक मंच पर तो बिल्कुल भी नहीं। उन्होंने कहा कि एक मुस्लिम महिला का नकाब इतनी लापरवाही से हटाया जाना बेहद आपत्तिजनक है। जायरा ने आगे लिखा कि सत्ता में बैठे लोगों को अपनी सीमाएं समझनी चाहिए और इस तरह का व्यवहार बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने नीतीश कुमार से उस महिला से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। जायरा वसीम के अलावा कई राजनीतिक नेताओं और आम लोगों ने भी मुख्यमंत्री के इस कदम की आलोचना की है। लोगों का कहना है कि किसी महिला की व्यक्तिगत पसंद और धार्मिक आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए।
कौन हैं जायरा वसीम?
जायरा वसीम ने ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से पहचान बनाई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली और अभिनय छोड़ने का फैसला किया। हाल ही में जायरा वसीम ने अपनी शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं।भले ही जायरा अब फिल्मों में काम नहीं करती हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं।

