अयोध्या में आस्था का अनोखा संगम, रामलला को अर्पित हुआ दुनिया का सबसे महंगा आम

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 11:19 AM (IST)

 नारी डेस्क:  दुनिया का सबसे महंगा आम पहुंचा रामलला के दरबार! अयोध्या में आस्था और खेती की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है। यहां किसान ओमप्रकाश सिंह ने अपने बाग में उगाए जापान के दुर्लभ मियाज़ाकी आम का पहला फल श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला को अर्पित किया। यह आम दुनिया की सबसे महंगी किस्मों में गिना जाता है और अपनी खास मिठास व पोषक गुणों के लिए जाना जाता है।

किसान ने रामलला को अर्पित किया पहला फल

अयोध्या निवासी किसान ओमप्रकाश सिंह ने अपने बाग में तैयार हुए मियाज़ाकी आम का पहला पका फल मंगलवार को श्रीराम मंदिर पहुंचकर रामलला को भोग स्वरूप अर्पित किया। उन्होंने इस दौरान तुलसी दल भी साथ में अर्पित किया और इसे अपनी आस्था का प्रतीक बताया।

जापानी मियाज़ाकी आम की खेती की शुरुआत

किसान ने करीब दो साल पहले जापान की इस दुर्लभ मियाज़ाकी किस्म का पौधा अयोध्या की जलवायु में इसकी संभावनाएं जानने के लिए लगाया था। इस साल पेड़ पर लगभग एक दर्जन फल आए हैं, जिनका वजन 150 से 300 ग्राम के बीच बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: दिल कितनी बार हार्ट अटैक झेल सकता है, कब मुश्किल हो जाता है जान बचाना

दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल

मियाज़ाकी आम को ‘Egg of the Sun’ कहा जाता है और यह दुनिया के सबसे प्रीमियम फलों में शामिल है। इसकी कीमत सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं। यह आम लगभग ₹2.5 लाख से ₹3 लाख प्रति किलो तक बिकता है, जबकि एक फल की कीमत 80 हजार से 1 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। किसान ओमप्रकाश सिंह के अनुसार यह आम न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है बल्कि इसमें उच्च फाइबर और कई पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। इसकी मिठास और बनावट इसे बाकी आमों से अलग बनाती है, जिसकी वजह से यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद लोकप्रिय है।

आस्था और कृषि का अनोखा मेल

रामलला को यह दुर्लभ आम अर्पित किया जाना सिर्फ एक कृषि उपलब्धि नहीं बल्कि आस्था और परंपरा का भी प्रतीक माना जा रहा है। यह घटना पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे आस्था व आधुनिक खेती के अनोखे संगम के रूप में देख रहे हैं।  

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static