बारिश में बढ़ जाता है बॉडी पेन और जोड़ों की अकड़न तो जानें राहत पाने के आसान उपाय
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 07:02 PM (IST)
नारी डेस्क : मानसून का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन कई लोगों के लिए यह शरीर में दर्द, जोड़ों की जकड़न और मांसपेशियों में अकड़न का कारण भी बन जाता है। खासतौर पर जिन लोगों को गठिया (Arthritis), पुरानी चोट या मांसपेशियों से जुड़ी समस्या होती है, उन्हें बारिश के दौरान ये परेशानियां अधिक महसूस हो सकती हैं। एक्सपर्ट के अनुसार, मौसम में बदलाव के कारण शरीर पर कई तरह के प्रभाव पड़ते हैं, जिससे दर्द और अकड़न की समस्या बढ़ सकती है। बारिश में बॉडी पेन और अकड़न क्यों होती है?
मौसम के दबाव (Air Pressure) में बदलाव
बारिश से पहले और बारिश के दौरान वायुदाब (Barometric Pressure) में बदलाव आता है। इससे जोड़ों के आसपास मौजूद ऊतकों पर दबाव पड़ सकता है, जिससे दर्द और जकड़न महसूस होने लगती है।

ठंड और नमी का असर
मानसून में तापमान कम और नमी अधिक हो जाती है। इसकी वजह से मांसपेशियां सिकुड़ सकती हैं और जोड़ों की लचक कम हो सकती है, जिससे शरीर में अकड़न महसूस होती है।
विटामिन D की कमी
बारिश के दिनों में धूप कम निकलने से शरीर को पर्याप्त विटामिन D नहीं मिल पाता। लंबे समय तक इसकी कमी रहने पर हड्डियां और मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं, जिससे दर्द बढ़ने की संभावना रहती है।
यें भी पढ़ें : हड्डियों में छेद होना किस बीमारी का संकेत है? जानिए कारण और बचाव के तरीके
बारिश में बॉडी पेन और अकड़न से राहत पाने के आसान उपाय
सुबह गर्म सिकाई करें: अगर सुबह उठते समय शरीर या जोड़ों में जकड़न महसूस होती है, तो बिस्तर से उठने से पहले हल्की गर्म सिकाई करें। गर्म पानी की बोतल या हीट पैक से घुटनों, कमर या दर्द वाले हिस्से की सिकाई करने से मांसपेशियों को आराम मिल सकता है।

रोजाना हल्की एक्सरसाइज करें: दिन में कम से कम 30 मिनट तक वॉक, स्ट्रेचिंग या योग करें। नियमित व्यायाम से मांसपेशियां लचीली रहती हैं, जोड़ों की मूवमेंट बेहतर होती है और दर्द कम करने में मदद मिल सकती है।
शरीर को गर्म रखें: बारिश में भीगने के बाद गीले कपड़े तुरंत बदल लें। शरीर को ठंड से बचाएं और जरूरत पड़ने पर हल्की गर्म सिकाई करें। भोजन में गर्म सूप और पौष्टिक चीजें शामिल करना भी शरीर को गर्म रखने में मदद कर सकता है।
ठंडे फर्श पर बैठने से बचें: लंबे समय तक ठंडे फर्श पर बैठने से शरीर और जोड़ों में दर्द बढ़ सकता है। इसके अलावा, लगातार एक ही स्थिति में बैठने के बजाय हर 30–40 मिनट में थोड़ा टहलें या शरीर को स्ट्रेच करें।
यें भी पढ़ें : रिपोर्ट में हुआ खुलासा: इन दो ब्लड ग्रुप वालों को सबसे ज्यादा Heart Attack का खतरा!
भरपूर पानी पिएं: बारिश के मौसम में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को हाइड्रेट रखना उतना ही जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने से मांसपेशियों और जोड़ों की कार्यक्षमता बेहतर बनी रहती है।

कब डॉक्टर से सलाह लें?
अगर शरीर का दर्द या जोड़ों की अकड़न कई दिनों तक बनी रहे, सूजन बढ़ जाए, चलने-फिरने में परेशानी हो या तेज दर्द के साथ बुखार भी हो, तो बिना देर किए डॉक्टर से सलाह लें। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।
बारिश के मौसम में शरीर दर्द और अकड़न महसूस होना आम हो सकता है, लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। नियमित व्यायाम, शरीर को गर्म रखना, पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यदि दर्द लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो विशेषज्ञ से परामर्श लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।

