गोरेपन के नाम पर बिक रही क्रीमों में मिले खतरनाक केमिकल, सेहत पर पड़ सकता है भारी असर।

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 11:45 AM (IST)

नारी डेस्क : आजकल साफ, चमकदार और गोरी त्वचा पाने की चाहत में लोग तरह-तरह की व्हाइटनिंग और फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर रातोंरात गोरा बनाने और दाग-धब्बे हटाने के दावे करने वाले उत्पाद लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। लेकिन इन दावों के पीछे छिपा खतरा बेहद गंभीर हो सकता है। कई क्रीमों की जांच में पारा (Mercury) तय सीमा से हजारों गुना अधिक पाया गया है। इसके अलावा कुछ उत्पादों में स्टेरॉयड, हाइड्रोक्विनोन और रेटिनोइक एसिड जैसे रसायन भी मिले हैं, जो लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर त्वचा के साथ-साथ शरीर के दूसरे अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

क्रीम में मिला तय सीमा से हजारों गुना ज्यादा पारा

भारत समेत कई देशों में गोरा करने वाली क्रीमों की जांच के दौरान खतरनाक स्तर पर पारा मिलने के मामले सामने आए हैं। नांदेड़ में जब्त की गई 'पाली 24के गोल्ड ग्लीम क्रीम' में 48,453 पीपीएम और 'गोरी ब्यूटी क्रीम' में 6,925 पीपीएम पारा पाया गया। जबकि कॉस्मेटिक उत्पादों में पारे की सामान्य स्वीकृत सीमा महज 1 पीपीएम बताई गई है। इस तरह कुछ उत्पादों में पारे की मात्रा तय मानक से कई हजार गुना अधिक पाई गई। ऐसे उत्पादों का लंबे समय तक इस्तेमाल शरीर में पारे के जमा होने का खतरा बढ़ा सकता है।

पाकिस्तान और थाईलैंड की क्रीम भी जांच में फेल

विदेशों में भी व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर चिंता बढ़ रही है। थाईलैंड की खाद्य एवं औषधि नियामक संस्था ने पारा मिलने के बाद 12 क्रीमों पर प्रतिबंध लगाया। कुछ उत्पादों में हाइड्रोक्विनोन, रेटिनोइक एसिड और स्टेरॉयड जैसे पदार्थ भी पाए गए। अमेरिकी एफडीए की चेतावनियों में पाकिस्तान और थाईलैंड में निर्मित कई स्किन-लाइटनिंग उत्पादों को लेकर भी चिंता जताई गई है। वहीं, पर्यावरण संस्था की जांच में पाकिस्तान में बनी 52 क्रीमों में पारा पाया गया।

भारत में प्रतिबंध और चेतावनी के बावजूद ऑनलाइन बिक्री

पाकिस्तान से उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध और कई क्रीमों के अनधिकृत होने की चेतावनी के बावजूद ऐसे उत्पाद भारतीय बाजार में पहुंच रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के थर्ड-पार्टी विक्रेताओं के माध्यम से प्रतिबंधित पारा-युक्त क्रीमों की बिक्री के मामले सामने आए हैं। 2025 में की गई एक जांच के दौरान ऑनलाइन उपलब्ध आठ उत्पादों में से सात में पारा पाया गया। इन उत्पादों में पारे की मात्रा 7,331 से लेकर 27,431 पीपीएम तक बताई गई। इससे सवाल उठता है कि जब उत्पादों को लेकर चेतावनी जारी हो रही है, तो ये लोगों तक आसानी से कैसे पहुंच रहे हैं?

क्रीम के इस्तेमाल से किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान

पारे वाली क्रीम का इस्तेमाल सिर्फ त्वचा तक सीमित खतरा नहीं है। पारा शरीर में पहुंचकर जमा हो सकता है और किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके कारण नेफ्रोटॉक्सिसिटी यानी किडनी पर विषाक्त प्रभाव पड़ने का खतरा रहता है। कुछ मामलों में मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी जैसी गंभीर किडनी संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसके अलावा पारे के संपर्क में आने से तंत्रिका तंत्र प्रभावित हो सकता है। त्वचा पर जलन, लालिमा, संवेदनशीलता और अन्य समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। खासतौर पर लंबे समय तक बिना जांच और जानकारी के ऐसी क्रीमों का इस्तेमाल जोखिम बढ़ा सकता है।

बाजार में उपलब्ध हर क्रीम सुरक्षित नहीं

किसी क्रीम पर आकर्षक पैकेजिंग, विदेशी ब्रांड का नाम या सोशल मीडिया पर अच्छे रिव्यू होना उसकी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। बिना उचित आयात पंजीकरण, लाइसेंस और सामग्री की जानकारी वाले उत्पादों से बचना जरूरी है। खासकर ऐसी क्रीमों से सावधान रहें जो कुछ ही दिनों में गोरा करने, दाग पूरी तरह मिटाने या त्वचा का रंग तेजी से बदलने का दावा करती हैं। चेहरे की खूबसूरती से ज्यादा जरूरी आपकी सेहत है। किसी भी स्किन-लाइटनिंग क्रीम को इस्तेमाल करने से पहले उसकी सामग्री, निर्माता और प्रमाणिकता जांचें। त्वचा पर किसी भी तरह की समस्या होने पर खुद से क्रीम लगाने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static