फिल्म इंडस्ट्री ने खो दिया Legend को, दिग्गज थिएटर डायरेक्टर विजया मेहता का हुआ निधन
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 10:50 AM (IST)
नारी डेस्क: मराठी थिएटर को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाने वालीं दिग्गज भारतीय थिएटर डायरेक्टर और एक्ट्रेस विजया मेहता का मंगलवार रात उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 92 साल की थीं। जाने-माने एक्टर विजय केंकरे ने बताया कि प्यार से 'बाई' कही जाने वालीं मेहता का निधन दक्षिण मुंबई स्थित उनके घर पर हुआ।

केंकरे ने कहा- "उनका निधन रात करीब 9:30-10 बजे हुआ। मुझे उनकी बेटी से उनके निधन की खबर मिली। यह मेरे लिए व्यक्तिगत नुकसान है। वह मेरी गुरु रही हैं।" केंकरे ने 90 के दशक में इस दिग्गज फिल्ममेकर के टीवी सीरियल "लाइफलाइन" में मुख्य असिस्टेंट के तौर पर काम किया था और कई अन्य प्रोजेक्ट्स में उनके साथ मिलकर काम किया था। मेहता ने नाटककार विजय तेंदुलकर, एक्टर डॉ. श्रीराम लागू और थिएटर कलाकार अरविंद देशपांडे जैसी जानी-मानी हस्तियों के साथ मिलकर प्रभावशाली थिएटर ग्रुप 'रंगायन' की स्थापना की थी।

उनके द्वारा निर्देशित कुछ लोकप्रिय नाटकों में "एक शून्य बाजीराव", "बैरिस्टर", "हमीदाबाईची कोठी", "पुरुष", "महासागर" और "शकुंतल" शामिल हैं। एक फिल्ममेकर के तौर पर उन्होंने हिंदी भाषा में "राव साहब" (1986) और "पेस्टनजी" (1988) जैसी इंफिल्में बनाईं, जिन्हें काफी सराहना मिली।एक्टिंग के क्षेत्र में, मेहता गोविंद निहलानी की 1984 की फिल्म "पार्टी" में नज़र आई थीं।
उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं।

