नहीं रहे एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली, हार्ट अटैक ने ले ली दिग्गज डायरेक्टर की जान
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 09:38 AM (IST)
नारी डेस्क: एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति और दिग्गज डायरेक्टर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। कुकू कोहली को दो दिन पहले हार्ट अटैक आया था और मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक्ट्रेस अरुणा ईरानी और उनकी पहली पत्नी रीटा कोहली से हुई दो बेटियां, पूजा और करिश्मा हैं। उनका अंतिम संस्कार आज होगा।

इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) के प्रेसिडेंट अभय सिन्हा ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की और दुख जताया। अभय ने एक बयान में कहा- "दुखद और चौंकाने वाला। डायरेक्टर कूकु कोहली का आज कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। वाहेगुरुजी दिवंगत आत्मा को शांति दें।" प्रोड्यूसर-डायरेक्टर अशोक पंडित ने अपने इंस्टाग्राम पर दिवंगत डायरेक्टर के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "कूकु जी, आपकी याद आएगी। ओम शांति।"

कुकू कोहली ने 'फूल और कांटे' से बतौर डायरेक्टर अपना करियर शुरू किया था। यह फिल्म कमर्शियल रूप से सफल रही और इसी फिल्म से अजय देवगन ने भी डेब्यू किया था। इस फिल्म में मधु, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप भी थे। बाद में उन्होंने 1994 में 'सुहाग' फिल्म डायरेक्ट की, जिसमें अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा ने काम किया था। कुकू कोहली के अन्य डायरेक्टोरियल प्रोजेक्ट्स में 'हकीकत', 'जुल्मी', 'अनाड़ी नंबर 1' और 'ये दिल आशिकाना' शामिल हैं। उनकी आखिरी डायरेक्टोरियल फिल्म 'वो तेरा नाम था' थी, जो 2004 में रिलीज़ हुई थी।

