मार्च की सुहानी ठंडक का लेना है मजा, तो फैमिली के साथ घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 5 Places
punjabkesari.in Tuesday, Mar 18, 2025 - 06:14 PM (IST)

नारी डेस्क: मार्च का महीना भारत में घूमने के लिए बेहतरीन समय होता है। इस दौरान मौसम न ज्यादा ठंडा होता है और न ही बहुत गर्म, जिससे ट्रैवलिंग का मजा बढ़ जाता है। मार्च में कई जगहों पर होली के रंग-बिरंगे त्योहार के साथ प्रकृति की खूबसूरती भी अपने चरम पर होती है। अगर आप भी एग्जाम खत्म होने के बाद बच्चों को कहीं घुमाने के लिए ले जाना चाहते हैं तो मनाली, जयपुर, ऋषिकेश, वायनाड और काजीरंगा बेस्ट जगह हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में

मनाली (हिमाचल प्रदेश)
मनाली भारत का एक लोकप्रिय हिल स्टेशन है, जहां मार्च में बर्फबारी के बाद की खूबसूरती देखने लायक होती है। इस समय यहां का मौसम ठंडा और खुशनुमा होता है, जो एडवेंचर लवर्स के लिए आदर्श जगह है। यहां आप स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, पैराग्लाइडिंग का मजा ले सकते हैं।
घूमने की जगहें
हिडिंबा देवी मंदिर: लकड़ी से बना यह मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखता है।
सोलांग वैली: यहां आप पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और जिपलाइनिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।
रोहतांग पास: मार्च में यहां बर्फ की चादर बिछी रहती है, जो ट्रेकिंग के लिए परफेक्ट है।
मनु मंदिर:मनु ऋषि को समर्पित यह मंदिर धार्मिक और आध्यात्मिक रूप से खास है।

जयपुर (राजस्थान)
जयपुर, जिसे 'पिंक सिटी' के नाम से जाना जाता है, मार्च में घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। इस समय यहां का मौसम सुहावना रहता है। यहां आप लोकल बाजारों में शॉपिंग कर सकते हैं, यहां के जौहरी बाजार और बापू बाजार बेहद ही फेमस हैं। यहां कैमल सफारी का मजा भी ले सकते हैं।
घूमने की जगहें:
आमेर किला:यह किला ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है, जहां आप हाथी की सवारी कर सकते हैं।
हवा महल: जयपुर का यह आइकॉनिक महल फोटोग्राफी के लिए बेस्ट है।
जंतर मंतर:खगोलीय उपकरणों का संग्रहालय, जहां आप ब्रह्मांड को समझ सकते हैं।
सिटी पैलेस: यहां राजपूताना शाही जीवनशैली की झलक मिलती है।
ऋषिकेश (उत्तराखंड)
ऋषिकेश, गंगा नदी के किनारे बसा एक पवित्र शहर है, जो आध्यात्मिक शांति और एडवेंचर का संगम है। मार्च में यहां का मौसम सुहावना रहता है और यह ट्रेकिंग और रिवर राफ्टिंग के लिए परफेक्ट समय है। ऋषिकेश को 'योग नगरी' भी कहा जाता है, यहां दूर- दूर से लोग कैंपिंग और बोनफायर के लिए आते हैं।
घूमने की जगहें:
लक्ष्मण झूला:गंगा नदी पर बना यह पुल ऋषिकेश की पहचान है।
त्रिवेणी घाट: यहां हर शाम होने वाली गंगा आरती का अनुभव बेहद खास होता है।
नीलकंठ महादेव मंदिर: भगवान शिव को समर्पित यह मंदिर ऋषिकेश से कुछ किमी दूर है।
बिट्ठल आश्रम:ध्यान और योग के लिए यह जगह बहुत प्रसिद्ध है।

वायनाड (केरल)
वायनाड दक्षिण भारत का एक खूबसूरत हिल स्टेशन है, जहां मार्च में हरियाली और ठंडक का आनंद लिया जा सकता है। यहां का मौसम इस समय न तो बहुत ठंडा होता है और न ही गर्म। ट्रेकिंग और बर्ड वॉचिंग के लिए यह जगह काफी फेमस है।
घूमने की जगहें:
एडक्कल गुफाएं: इन गुफाओं में पाषाण युग की कलाकृतियां देख सकते हैं।
बाणासुर सागर बांध: यह केरल का सबसे बड़ा बांध है, जहां आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं।
चेम्ब्रा पीक: यहां ट्रेकिंग कर प्रकृति का आनंद ले सकते हैं।
सुखनाथ झरना:यह झरना मार्च में अपने पूरे शबाब पर होता है।

काजीरंगा नेशनल पार्क (असम)
काजीरंगा नेशनल पार्क, यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जो एक सींग वाले गैंडे और कई दुर्लभ प्रजातियों का घर है। मार्च का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा है। वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी , बोटिंग और नेचर वॉक का आप यहां आनंद ले सकते हैं।
घूमने की जगहें:
जीप सफारी: पार्क में जीप सफारी कर आप हाथी, बाघ, गैंडे और हिरण को देख सकते हैं।
काजीरंगा ऑर्किड पार्क: यहां आप विभिन्न प्रकार के ऑर्किड फूलों को देख सकते हैं।
ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे सनसेट देखें।