मई के महीने में दिसंबर जैसी ठंड, कश्मीर में अचानक बर्फबारी होने से बदला मौसम

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 04:23 PM (IST)

नारी डेस्क: जहां एक तरफ उत्तर भारत में गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया है तो वहीं दूसरी तरफ  जम्मू कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार तड़के ताजा बर्फबारी हुई जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।  उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सीमावर्ती गुरेज क्षेत्र, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज़ोजिला दर्रा और सोनमर्ग में बर्फबारी हुई। 

PunjabKesari
घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार देर रात गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश की वजह से बांदीपोरा जिले में एक सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचा, जबकि आसपास के कई घरों में पानी और कीचड़ घुस गया। बारिश के कारण इलाके में जलभराव और कीचड़ होने से आवागमन बाधित हो गया। 

PunjabKesari
इस बारिश और बर्फबारी की वजह से कश्मीर में गर्म हवा जैसी परिस्थितियों से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ एक या दो बार बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 25 मई तक दोपहर से पहले (सुबह के समय) मौसम आमतौर पर शुष्क रह सकता है, जबकि दोपहर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static