मां के साथ कॉमेडी करने वाले इन्फ्लुएंसर की 26 साल की उम्र में मौत, गहरे सदमे में पूरा परिवार
punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2026 - 07:32 PM (IST)
नारी डेस्क: डिजिटल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दिल दुखा देने वाली खबर सामने आई है। मराठी इन्फ्लुएंसर प्रथमेश कदम का दुखद निधन हो गया, वह सिर्फ 26 साल के थे। प्रथमेश एक मशहूर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर थे और मां-बेटे के प्यारे कंटेंट शेयर करके मशहूर हुए थे। उनकी अचानक मौत से उनके परिवार, दोस्त और फैंस बहुत दुखी हैं।
प्रथमेश के परिवार में उनकी मां प्रज्ञा कदम और बहन प्रतीक्षा कदम हैं। इस दुखद खबर की पुष्टि उनके साथी कंटेंट क्रिएटर तन्मय चंद्रमोहन पाटेकर ने की। दिवंगत मराठी इन्फ्लुएंसर की तस्वीरें शेयर करते हुए तन्मय ने लिखा- "तुम्हें हमेशा याद किया जाएगा! प्रथमेश, अपना ख्याल रखना! तुम्हारी बहुत याद आएगी, मिस यू भाई।" प्रथमेश की मौत की आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है।
इससे पहले, नवंबर 2025 में, स्वास्थ्य संबंधी कुछ दिक्कतों के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद, 26 वर्षीय मराठी इन्फ्लुएंसर अपने फैंस के लिए मज़ेदार कंटेंट बनाते रहे। एक रिपोर्ट के अनुसार, अपनी असमय मौत से कुछ दिन पहले प्रथमेश बीमार थे। प्रथमेश अपनी मां के साथ मिलकर कॉमेडी और इमोशनल वीडियो बनाते थे। उनके कंटेंट और मां के साथ उनकी इस बॉन्डिंग को लोग काफी पसंद करते थे।

