ऑपरेशन सिंदूर: शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह को सेना ने ऐसे किया याद
punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 04:32 PM (IST)

नारी डेस्क: बिहार के बक्सर जिले के चौसा प्रखंड के नरबतपुर गांव के रहने वाले हवलदार सुनील कुमार सिंह जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में तैनात थे। 9 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान शहीद हो गए। उनके पीछे पत्नी और दो बेटे (15 और 12 वर्ष के) हैं। शहीद सुनील के माता-पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं जबकि छोटा भाई चंदन भी सेना में सेवा दे रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार 7 जून, 2025 को शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी शहादत को पूरा देश कभी नहीं भूलेगा। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से शहीद के निकटतम आश्रित को सम्मान राशि दी जाएगी और हवलदार सुनील कुमार सिंह का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: कुमकुम भाग्य एक्ट्रेस पूजा बनर्जी के घर फिर गूंजी किलकारी, बने दूसरे बच्चे के पेरेंट्स
परिवार में गहरा शोक, पूरे बिहार में शोक की लहर
शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह का परिवार इस दुखद घटना से गहरे सदमे में है। उनके गांव और पूरे बक्सर जिले में शोक की लहर है। उनके बहादुर योगदान को लेकर हर कोई सम्मान जता रहा है।सारण के वीर शहीद देवकिशोर शाह पर तेजस्वी यादव ने जताया शोक दूसरी ओर, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी सारण जिले के बनियापुर प्रखंड के वीर जवान देवकिशोर शाह के शहीद होने पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बिहार की धरती ने एक और सपूत को देश की रक्षा के लिए बलिदान दिया है। तेजस्वी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य देने की प्रार्थना की।
देश के वीर सपूतों को सलाम
हवलदार सुनील कुमार सिंह और देवकिशोर शाह जैसे वीर जवानों के बलिदान से ही हमारा देश सुरक्षित है। उनकी शहादत देश के लिए हमेशा सम्मान और प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। सभी राज्यों और केंद्र सरकारों से अपील है कि वे शहीद परिवारों की हर संभव मदद करें और उनका सम्मान बनाए रखें।