शाहरुख खान की नेट वर्थ एक साल में ₹2,490 करोड़ घटने के बाद भी बने भारत के सबसे अमीर एक्टर
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 05:25 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर भारत के सबसे अमीर एक्टर के तौर पर सामने आए हैं। M3M Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक उनकी अनुमानित नेट वर्थ करीब ₹10,000 करोड़ है। हालांकि, पिछले साल की तुलना में उनकी संपत्ति के अनुमान में करीब ₹2,490 करोड़ की कमी दर्ज हुई है। दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद शाहरुख खान एक्टर्स की लिस्ट में पहले नंबर पर बने हुए हैं। वहीं, ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के परिवार की संपत्ति ₹16,000 करोड़ बताई गई है, यानी इस मामले में शाहरुख उनसे पीछे हैं।
एक साल में ₹2,490 करोड़ घटी शाहरुख की अनुमानित नेट वर्थ
Hurun India Rich List 2026 के अनुसार शाहरुख खान की अनुमानित संपत्ति इस समय ₹10,000 करोड़ है। इसमें उनकी फिल्मी कमाई के साथ-साथ बिजनेस और निवेश से जुड़े हित भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक Red Chillies Entertainment और Knight Riders Sports जैसी उनकी कारोबारी हिस्सेदारी उनकी कुल संपत्ति का अहम हिस्सा है। वहीं, Hurun India Rich List 2025 में शाहरुख खान की संपत्ति का अनुमान ₹12,490 करोड़ लगाया गया था। दोनों आंकड़ों की तुलना करें तो एक साल में करीब ₹2,490 करोड़ की गिरावट दिखाई देती है। हालांकि, अलग-अलग रिच लिस्ट में संपत्ति के अनुमान अलग हो सकते हैं, क्योंकि इनमें कंपनियों, प्राइवेट एसेट्स और निवेश की वैल्यूएशन शामिल होती है।

फिर भी बने हुए हैं सबसे अमीर एक्टर
नेट वर्थ में कमी के बावजूद शाहरुख खान 2026 की Hurun लिस्ट में एक्टर्स के बीच टॉप पर हैं। उनके बाद अमिताभ बच्चन ₹4,000 करोड़, सलमान खान ₹3,000 करोड़ और ऋतिक रोशन ₹2,500 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ लिस्ट में शामिल हैं। खास बात यह है कि अमिताभ बच्चन की अनुमानित संपत्ति पिछले साल के ₹1,630 करोड़ के मुकाबले बढ़ी है। वहीं सलमान खान इस साल की सूची में ₹3,000 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ नजर आए हैं।
यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
‘रामयण’ के प्रोड्यूसर की फैमिली के पास ₹16,000 करोड़
शाहरुख खान की संपत्ति से भी ज्यादा चर्चा उस परिवार की हो रही है, जो ‘रामायण’ जैसी बड़े बजट की फिल्म से जुड़ा है। Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक नरेश मल्होत्रा और उनका परिवार करीब ₹16,000 करोड़ की संपत्ति के साथ सूची में शामिल हुआ है। नरेश मल्होत्रा Prime Focus से जुड़े हैं, जबकि उनके बेटे नमित मल्होत्रा ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मल्होत्रा परिवार की संपत्ति में एक साल में करीब 279 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और परिवार Hurun की भारत के टॉप 250 अमीर लोगों की सूची में भी शामिल हुआ है।

‘रामायण’ का बजट भी है चर्चा में
नमित मल्होत्रा पहले फिल्म ‘रामायण’ के दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताए जाने की बात कर चुके हैं। फिल्म में रणबीर कपूर राम और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी सीता का किरदार निभा रही हैं।
यें भी पढ़ें : सीने में दर्द ही नहीं, ये लक्षण भी देते हैं दिल की धमनियों में ब्लॉकेज के संकेत
अब ‘King’ से वापसी करेंगे शाहरुख खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान अपनी अगली फिल्म ‘King’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसकी आधिकारिक रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 है। Red Chillies Entertainment की आधिकारिक वेबसाइट पर भी यही रिलीज डेट दी गई है। ‘King’ से शाहरुख करीब तीन साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। उनकी पिछली रिलीज ‘Dunki’ दिसंबर 2023 में आई थी। फिल्म की कास्ट में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन समेत कई कलाकार शामिल हैं।
रिलीज डेट को लेकर शाहरुख ने खुद दिया था अपडेट
सितंबर 2026 में X पर हुए एक Ask Me Anything सेशन के दौरान शाहरुख खान ने ‘King’ को लेकर चल रही पोस्टपोन होने की अटकलों पर भी जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म 24 दिसंबर से पहले सब कुछ सामने आएगा और रिलीज तय समय पर होगी। साथ ही उन्होंने बताया था कि शूटिंग के दौरान उन्हें कुछ चोटें लगी थीं, जिसकी वजह से काम कई बार रोकना और फिर शुरू करना पड़ा।

