विदेश में भी पहाड़ों की रानी Rubina Dilaik का जलवा, गर्व से पहनी हिमाचली पारंपरिक पोशाक
punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 01:18 PM (IST)
नारी डेस्क: टेलीविजन सुपरस्टार रुबीना दिलाइक ने रियलिटी शो "खतरों के खिलाड़ी 15" की शूटिंग से पहले, दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में गर्व के साथ हिमाचली संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया। यह अभिनेत्री, जो अभी स्टंट-आधारित रियलिटी शो के लिए केप टाउन में हैं, हाल ही में अपनी साथी प्रतियोगी फरहाना भट्ट के साथ घुलते-मिलते देखी गईं। फरहाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक मज़ेदार वीडियो शेयर किया, जिसमें वह और रुबीना नज़र आ रही हैं।
इस क्लिप में, फरहाना काले कोट-सूट और बूट्स वाले अवतार में स्टाइलिश लग रही थीं, जबकि रुबीना ने एक खूबसूरत पारंपरिक हिमाचली पोशाक और साथ में मशहूर हिमाचली टोपी पहनकर अपनी जड़ों को अपनाया। दोनों अभिनेत्रियां अपनी सांस्कृतिक पहचान का जश्न मनाते हुए मज़ेदार अंदाज में अपने लुक्स की तुलना करती नज़र आईं। फरहाना ने वीडियो की शुरुआत यह कहते हुए की, "फरहाना जैसी मत बनो, प्लीज़ फॉर्मल्स पहनो, प्लीज फॉर्मल्स पहनो। और आज मैं यहां हूं फॉर्मल्स में, दोस्तों।" फिर उन्होंने रुबीना को फ्रेम में खींचा और कहा, "घर में दो तरह की बहनें होती हैं। एक यह और दूसरी..." ।
उन्हें बीच में रोकते हुए रुबीना ने कहा- " हम दोनों पहाड़ी हैं कश्मीर और हिमाचल से और हम गर्व से अपनी-अपनी संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।" इस दौरान रुबीना पहाड़ी टोपी में नजर आई जिसे देख फैंस को उन पर गर्व हुआ। जिन्हें नहीं पता, उनके लिए बता दें कि रुबीना और फरहाना केप टाउन में "खतरों के खिलाड़ी 15" की शूटिंग के दौरान एक-दूसरे के काफी करीब आ गई हैं। इससे पहले, फरहाना भट्ट ने केप टाउन की खूबसूरत जगहों से कुछ शानदार तस्वीरें भी शेयर की थीं। अपने कैप्शन के ज़रिए उन्होंने बताया कि ये तस्वीरें किसी और ने नहीं, बल्कि खुद रुबीना दिलाइक ने खींची थीं। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी द्वारा होस्ट किए जा रहे शो “खतरों के खिलाड़ी 15” ने सोशल मीडिया पर पहले ही काफी हलचल मचा दी है।

