अपने जन्मदिन पर पीएम ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा, ''नारी शक्ति'' पर कही ये बात
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 01:44 PM (IST)

नारी डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान' की शुरुआत की और मध्य प्रदेश के धार में कई विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- ''...विकसित भारत के चार स्तंभ हैं यात्रा; महिलाएं, युवा, गरीब और किसान। आज इन चारों से संबंधित योजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गई हैं... हमारी नारी शक्ति हमारे राष्ट्र की प्रगति की नींव है।
महिलाओं की प्राथमिकता पर दिया जोर
पीएम ने कहा- "यदि मां स्वस्थ रहती है, तो पूरा घर ठीक रहता है। यदि एक मां बीमार हो जाती है, तो पूरे परिवार की व्यवस्था चरमरा जाती है। इसीलिए 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान' हमारी माताओं और बहनों को समर्पित है..". महिलाओं को दी जाने वाली प्राथमिकता के बारे में बात करते हुए, पीएम मोदी ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के साथ भारत की निर्णायक कार्रवाई का हवाला देते हुए- "हमारी बहनों और बेटियों के सिंदूर को हटाने" के लिए पाकिस्तान पर तीखा हमला किया।
“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का मुख्य उद्देश्य
मोदी ने कहा- "राष्ट्र मां भारती (भारत माता) की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमारी बहनों और बेटियों के सिंदूर को मिटा दिया। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमने आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया यह एक नया भारत है। यह किसी की परमाणु धमकियों से नहीं डरता।" “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को सुदृढ़ करना और स्वस्थ समुदाय बनाने की दिशा में जागरूकता बढ़ाना है।
महिलाओं को मिलेगा फायदे
अभियान में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख–स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, एनीमिया और सिकल सेल रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही क्षय रोग और कुष्ठ रोग जैसे संचारी रोगों की स्क्रीनिंग व इलाज की भी व्यवस्था होगी। पूरे भारत में लगभग 75,000 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाये जाएंगे। यह अभियान आंशिक रूप से “नेशनल पोषण माह” से भी जुड़ा है और साथ ही पोषण गतिविधियों को बढ़ावा देने का अवसर है।