फ्लाइट में भयानक हादसा, टेकऑफ से पहले ही लैंडिंग गियर में लगी आग, 179 लोगों की जिंदगियां...

punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 09:47 AM (IST)

नारी डेस्क:  अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर 2:45 बजे एक गंभीर हादसा हुआ। मियामी जा रही अमेरिकी एयरलाइंस की फ्लाइट AA3023 के लैंडिंग गियर में अचानक आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। फ्लाइट में 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे।

पायलट ने तुरंत ही बड़ी समझदारी दिखाते हुए प्लेन का टेकऑफ रोक दिया। जैसे ही टेकऑफ रोकने का निर्णय लिया गया, क्रू ने यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए विमान से बाहर निकालना शुरू किया। थोड़े ही समय में सभी 179 लोग सुरक्षित बाहर आ गए।

प्लेन के बाएं मुख्य लैंडिंग गियर से आग की लपटें उठ रही थीं और धुआं निकल रहा था। एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग को काबू में कर लिया।

एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने कॉकपिट के ऑडियो में पायलट को बताया कि विमान से बहुत ज्यादा धुआं निकल रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लोग भयभीत दिखे, जो तेजी से स्लाइड से नीचे उतर रहे थे। कुछ यात्री अपने सामान के साथ बाहर निकले तो कुछ केवल अपनी जान बचाने में लगे हुए थे।

यह विमान बोइंग 737 मॉडल का था। यात्री बताते हैं कि रनवे पर जब प्लेन दौड़ रहा था, तभी अचानक झटका महसूस हुआ और खिड़कियों से धुआं आने लगा। किसी ने जोर से चिल्लाकर आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद सभी में दहशत फैल गई।

इस हादसे के पीछे कारण माना जा रहा है कि टेकऑफ के वक्त बाएं पहिए में अत्यधिक घर्षण और लगातार ब्रेक लगने की वजह से तापमान इतना बढ़ गया कि टायर में आग लग गई।

हादसे में एक यात्री को मामूली चोटें आई हैं। पायलट की सतर्कता, क्रू मेंबर्स की तेजी से की गई कार्रवाई और एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम की मदद से बड़ी दुर्घटना टल गई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल पाए।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static