बिहार में अब चलेगी Pink buses, इसमें ड्राइवर- कंडक्टर से लेकर सवारी तक सभी की सभी होंगी महिलाएं
punjabkesari.in Monday, Mar 03, 2025 - 07:41 PM (IST)

नारी डेस्क: बिहार सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सबल बनाने एवं उनकी पर्याप्त सुरक्षा की प्रतिबद्धता की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए राज्य के प्रमुख शहरों में पिंक बसें चलाने की आज घोषणा की। इनमें सवारी, चालक और कंडक्टर सभी महिलाएं होंगी और उनकी नियुक्ति में 33 प्रतिशत का आरक्षण भी दिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश करने के बाद घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के प्रमुख शहरों में महिलाओं के लिए पिंक बस का परिचालन किया जाएगा, जिसमें सवारी, चालक एवं कंडार सभी महिलाएं होंगी। उन्होंने कहा कि चालक एवं कंडक्टर के रूप में महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा तथा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम से चालक, कंडक्टर एवं डिपो मेन्टेनेंस कर्मी के पदों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू की जायेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि कहा कि महिला स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के लिए महिला चालकों को ई-रिक्शा एवं दो पहिया वाहन के व्यावसायिक परिचालन के लिए क्रय करने पर नकद अनुदान का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रमुख शहरों में महिला वाहन परिचालन प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की जाएगी, जिसमें प्रशिक्षक भी महिलाएं होंगी। प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं को पर्यटन गाईड के रूप में प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।