Periods हेल्दी न होने पर शरीर देता है ये 5 संकेत, इन्हें न करें इग्नोर

punjabkesari.in Wednesday, May 14, 2025 - 05:47 PM (IST)

नारी डेस्क:  12 साल से लेकर 55 साल तक की उम्र तक हर महिला को पीरियड्स होते हैं। कुछ महिलाएं आसानी से पीरियड्स के दौरान भी अपना काम करती हैं, जबकि कुछ को पीरियड्स के दौरान इतनी तकलीफ होती है कि उनका रोज़मर्रा का जीवन मुश्किल हो जाता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि अगर आपके पीरियड्स हेल्दी नहीं हैं तो आपका शरीर कुछ संकेत देता है, जिन्हें आपको नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?

पीरियड्स एक स्वाभाविक और प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो प्रजनन के लिए जरूरी होती है। सामान्यत: पीरियड्स हर महीने 28 से 30 दिन के अंतराल पर होते हैं और यह हर महिला के लिए अलग-अलग अनुभव हो सकता है। लेकिन कभी-कभी महिलाओं को पीरियड्स में दिक्कतें आ सकती हैं, जैसे देर से आना, बहुत दर्द होना, या बहुत ज्यादा या कम ब्लीडिंग होना। अगर यह समस्याएं नियमित रूप से हो रही हैं तो यह हेल्दी पीरियड्स का संकेत नहीं होता।

यहां जानिए शरीर द्वारा दिए जाने वाले 5 ऐसे संकेत, जो बताते हैं कि आपके पीरियड्स हेल्दी नहीं हैं-

कम या ज्यादा ब्लीडिंग होना

अगर आपको बहुत कम या बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हो रही है, तो यह हेल्दी पीरियड्स की निशानी नहीं हो सकती। सामान्यत: पीरियड्स में हल्की से लेकर मध्यम मात्रा में ब्लीडिंग होती है। अगर आपको एक दिन में ही पीरियड्स खत्म हो रहे हैं या 7-8 दिन तक ब्लीडिंग हो रही है, तो यह एक संकेत हो सकता है कि कुछ समस्या है, जैसे हार्मोनल असंतुलन या यूटेरिन फाइब्रॉयड्स।

PunjabKesari

इरेगुलर पीरियड्स (अनियमित पीरियड्स)

अगर आपकी पीरियड साइकिल इरेगुलर हो, यानी कभी समय से पहले आ जाएं या काफी दिन बाद आ जाएं, तो यह एक सामान्य समस्या नहीं है। यह पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS), हार्मोनल असंतुलन, या किसी अन्य प्रजनन समस्या का संकेत हो सकता है।

ये भी पढ़ें: PCOS और थायराइड से हो रही प्रेगनेंसी में दिक्कत? तो यह ड्रिंक पीकर करें हार्मोन बैलेंस

पीरियड्स के बीच स्पॉटिंग या ब्लीडिंग

यदि आपकी पीरियड्स खत्म होने के बाद या आने से पहले स्पॉटिंग या हल्की ब्लीडिंग हो रही है, तो यह एक गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे बर्थ कंट्रोल पिल्स का साइड इफेक्ट, यूटेराइन इंफेक्शन या सर्वाइकल इंफेक्शन। इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

बहुत लंबे समय तक पीरियड्स रहना

अगर आपके पीरियड्स 7-8 दिन से ज्यादा समय तक चलते हैं और ब्लीडिंग खत्म नहीं होती, तो यह भारी मासिक धर्म (Menorrhagia) का संकेत हो सकता है। यह समस्या यूटेरिन फाइब्रॉयड्स, एंडोमेट्रियल हाइपरप्लेसिया या अन्य रोगों की वजह से हो सकती है।

ज्यादा दर्द होना

कुछ महिलाओं को पीरियड्स के दौरान अत्यधिक दर्द होता है, जिससे उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित होती है। अगर पीरियड्स के दौरान पेट, कमर या पीठ में बहुत ज्यादा दर्द हो, तो यह डिसमेनोरिया (dysmenorrhea) का संकेत हो सकता है। यह एंडोमेट्रियोसिस, पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज या यूटेरिन फाइब्रॉयड्स जैसी गंभीर समस्याओं का कारण हो सकता है।

PunjabKesari

पीरियड्स के दौरान खुद का ख्याल कैसे रखें

पीरियड्स के दौरान आपकी बॉडी कई संकेत देती है, जैसे शरीर में हल्की थकान या पेट में हल्का दर्द। ऐसे में आपको अपनी सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। आपको ज्यादा पानी पीना चाहिए, हरी-भरी सब्जियां और फल खाने चाहिए, नियमित व्यायाम करना चाहिए, और बाहर का तला-भुना खाना कम से कम करना चाहिए।

अगर इन उपायों से राहत नहीं मिल रही है, तो किसी अच्छे गाइनोकोलॉजिस्ट से सलाह लेना बहुत जरूरी है। वे आपकी समस्या का सही निदान करके उचित उपचार दे सकते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static