खुशियों के बीच क्रिकेटर स्मृति मंधाना के घर से आई बुरी खबर, शादी हुई पोस्टपोन
punjabkesari.in Monday, Nov 24, 2025 - 08:21 AM (IST)
नारी डेस्क: म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल और इंडियन क्रिकेटर स्मृति मंधाना की शादी अनिश्चित काल के लिए पोस्टपोन कर दी गई है।यह तब हुआ जब स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास को कथित तौर पर हार्ट अटैक आया। उनकी शादी रविवार को उनके होमटाउन महाराष्ट्र के सांगली में होनी थी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है।

शादी से पहले अन्य रस्में धूम-धाम से मनाई गई, लेकिन इसी बीच खबर आई कि स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जो अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। 23 नवंबर की दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला लिया था, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। सूत्रों के अनुसार स्मृति मंधाना अपने पिता के बेहद करीब हैं। उन्होंने फैसला लिया कि जब तक उनके पिता ठीक नहीं हो जाते, तब तक के लिए शादी नहीं करेंगी।

जहां पलाश मुच्छल ने हिंदी फिल्म म्यूजिक में काफी हिट गाने दिए हैं, वहीं स्मृति ICC विमेंस वर्ल्ड कप 2025 फाइनल्स की सफलता के बाद अभी-अभी आई हैं। विमेंस इंडियन क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के नेरुल में DY पाटिल स्टेडियम में हुए फाइनल्स में साउथ अफ्रीका को हराया था। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर वैसा ही किया जैसा मेन्स क्रिकेट टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में किया था। स्मृति ने भारत की ऐतिहासिक पहली ICC महिला ODI विश्व कप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्होंने नौ पारियों में 434 रन बनाए, जो विश्व कप के किसी भी एक संस्करण में किसी भारतीय द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं।

