अक्टूबर में इन 7 राशियों को रहना होगा सावधान, करियर और सेहत में आ सकते हैं उतार-चढ़ाव
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 02:05 PM (IST)
नारी डेस्क : अक्टूबर 2026 की शुरुआत हो चुकी है और इस महीने ग्रहों की चाल कई राशियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ सकती है। वृषभ, कर्क, सिंह, कन्या, धनु, कुंभ और मीन राशि वालों को इस महीने करियर, सेहत और पारिवारिक मामलों में थोड़ा संभलकर चलने की सलाह दी जाती है। कुछ लोगों को कार्यक्षेत्र में विरोधियों से परेशानी हो सकती है, तो कुछ के पारिवारिक रिश्तों में तनाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि, हर क्षेत्र में चुनौतियां ही नहीं रहेंगी। कई राशियों के लिए धन लाभ, नई नौकरी और यात्रा के योग भी बन सकते हैं। आइए जानते हैं अक्टूबर 2026 में इन 7 राशियों के लिए कैसा रहेगा समय।
वृषभ मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
वृषभ राशि वालों के लिए महीने की शुरुआत थोड़ी उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है। प्रेम और दांपत्य जीवन के लिए समय अच्छा रहने की संभावना है। हालांकि, करियर में कुछ परेशानियां सामने आ सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों को निजी रिश्तों का असर अपने काम पर पड़ने से बचाना होगा। इस दौरान अति आत्मविश्वास से बचें, क्योंकि इसका असर आपके काम पर पड़ सकता है। सीनियर्स आपकी किसी बात से नाराज हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में समय रहते अपनी बात स्पष्ट करना बेहतर रहेगा। व्यापारियों को लंबी यात्रा से लाभ मिल सकता है और सरकारी क्षेत्र से भी फायदा मिलने के योग हैं। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा और वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। विदेश जाने की इच्छा रखने वालों के लिए भी समय अनुकूल हो सकता है। सेहत के मामले में खान-पान पर विशेष ध्यान दें।

कर्क मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
कर्क राशि वालों के लिए अक्टूबर खर्चीला रह सकता है। ऐसे में अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। ससुराल पक्ष से रिश्ते बेहतर हो सकते हैं। विवाहित लोगों का गृहस्थ जीवन सुखद रहेगा और जीवनसाथी के साथ महत्वपूर्ण बातचीत हो सकती है। प्रेम जीवन में भी नजदीकियां बढ़ेंगी। नौकरीपेशा लोगों पर काम का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन मेहनत का फायदा वेतन वृद्धि के रूप में मिल सकता है। विरोधियों से थोड़ा सतर्क रहें। व्यापार में किसी नई डील को अंतिम रूप देने से पहले सभी पहलुओं की अच्छी तरह जांच कर लें। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर अतिरिक्त ध्यान देना होगा और जरूरत पड़ने पर गुरु या शिक्षक की मदद ले सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें। महीने का दूसरा और तीसरा सप्ताह यात्रा के लिए अच्छा रह सकता है।
यें भी पढ़ें : सीने में दर्द ही नहीं, ये लक्षण भी देते हैं दिल की धमनियों में ब्लॉकेज के संकेत
सिंह मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
सिंह राशि वालों के लिए अक्टूबर का महीना मिला-जुला रहने वाला है। विवाहित लोगों के घरेलू जीवन में कुछ परेशानियां आ सकती हैं। जीवनसाथी के व्यवहार या आपसी बातचीत के कारण तनाव बढ़ सकता है, इसलिए धैर्य से काम लेना जरूरी होगा। प्रेम जीवन में स्थिति बेहतर रहेगी और पार्टनर के साथ समय बिताने से रिश्ते में नजदीकियां बढ़ेंगी। नौकरीपेशा लोगों को अपनी क्षमता दिखाने के मौके मिलेंगे और बॉस आपके काम से प्रभावित हो सकते हैं। व्यापार में कुछ उतार-चढ़ाव रहेंगे, लेकिन मेहनत से स्थिति संभाली जा सकती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अधिक मेहनत करनी होगी। स्वास्थ्य के लिहाज से महीना थोड़ा कमजोर रह सकता है, इसलिए खान-पान पर ध्यान दें। मानसिक तनाव का असर पारिवारिक रिश्तों पर न पड़े, इसका भी ध्यान रखें।

कन्या मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
कन्या राशि वालों के लिए यह महीना कई मामलों में अच्छा रह सकता है। शादीशुदा लोगों को गृहस्थ जीवन में सुख और संतुष्टि मिलेगी। प्रेम जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आप अपने पार्टनर के लिए कोई खास सरप्राइज प्लान कर सकते हैं, हालांकि उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों की स्थिति मजबूत रहेगी और वे बॉस की नजरों में अपनी अच्छी जगह बनाने में सफल हो सकते हैं। व्यापारियों को कामकाज में कुछ परेशानियां आ सकती हैं। ऑफिस या कार्यस्थल में बदलाव करने का विचार भी बन सकता है। आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी, लेकिन बड़े जोखिम लेने से बचें। विद्यार्थियों के लिए मेहनत का अच्छा परिणाम मिल सकता है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
यें भी पढ़ें : सोने की कलम से लिखी होती है इस मूलांक वालों की किस्मत, धन-वैभव खुद आता है इनके पास
धनु मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
धनु राशि वालों को इस महीने खासतौर पर दांपत्य और पारिवारिक जीवन में संयम रखना होगा। जीवनसाथी को अपना प्रतिद्वंद्वी समझने के बजाय रिश्ते में तालमेल बनाए रखने की कोशिश करें। आक्रामक रवैया रिश्ते में तनाव बढ़ा सकता है। वहीं प्रेम जीवन रोमांटिक रहेगा और पार्टनर के साथ बॉन्डिंग मजबूत हो सकती है। आर्थिक रूप से महीना अच्छा रहने की संभावना है। आमदनी बढ़ सकती है और अन्य स्रोतों से भी धन लाभ हो सकता है। पुराने बैंक लोन को चुकाने का मौका मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों के लिए समय अनुकूल रहेगा और नई नौकरी का ऑफर भी मिल सकता है। व्यापारियों को गुस्से और अनावश्यक बहस से बचना चाहिए। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा। पेट से जुड़ी समस्या या सर्दी-जुकाम परेशान कर सकता है। महीने का दूसरा और चौथा सप्ताह यात्रा के लिए अनुकूल रह सकता है।

कुंभ मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
कुंभ राशि वालों के लिए अक्टूबर में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है। विवाहित लोगों को जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा और साथ में यात्रा या तीर्थ यात्रा का प्लान बन सकता है। हालांकि, जीवनसाथी की सेहत का ध्यान रखना होगा। प्रेम जीवन में गलतफहमी के कारण तनाव बढ़ सकता है, इसलिए दूसरों की बातों पर तुरंत भरोसा करने से बचें। महीने की शुरुआत में खर्च बढ़ सकते हैं, लेकिन दूसरे भाग से परिस्थितियों में सुधार आने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों को काम में लापरवाही से बचना होगा। महीने के दूसरे चरण में नौकरी का नया अवसर मिल सकता है। व्यापारियों को अपने अनुभव का फायदा मिलेगा और बाजार में उनकी साख मजबूत हो सकती है। रुके हुए काम पूरे होने के योग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई में मेहनत का लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य के मामले में सावधानी बरतना जरूरी होगा।
मीन मासिक राशिफल अक्टूबर 2026
मीन राशि वालों के लिए अक्टूबर का महीना सामान्य से बेहतर रह सकता है। विवाहित लोगों के घरेलू जीवन में तनाव कम होगा और जीवनसाथी के साथ मिलकर भविष्य की योजनाओं पर काम कर सकते हैं। प्रेम जीवन में भी आपसी समझ बेहतर होगी और रिश्ता मजबूत हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को पद या जिम्मेदारी में बढ़ोतरी मिल सकती है। सरकारी नौकरी वालों के लिए भी समय अनुकूल रहने की संभावना है। जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है और प्रॉपर्टी खरीदने का विचार भी बन सकता है। व्यापारियों को मेहनत का लाभ मिलेगा और कारोबार में विस्तार के अवसर मिल सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा और वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर छोटी-मोटी परेशानियां हो सकती हैं, इसलिए लापरवाही न करें।

