England में प्लानिंग, लुधियाना में मर्डर... शादी करने के लिए इंडिया आई NRI महिला की हत्या
punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 01:12 PM (IST)

नारी डेस्क: पंजाब के लुधियाना से बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है। यहां 75 वर्षीय ब्रिटेन निवासी ने भारतीय मूल की 71 वर्षीय अमेरिकी नागरिक महिला की हत्या करवा दी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला को इंडिया बुलाया और फिर उसे खौफनाक सजा दे दी। जुलाई में हुई यह घटना हाल ही में तब सामने आई जब लुधियाना पुलिस ने महिला के लापता होने के संबंध में दर्ज एक प्राथमिकी में संदिग्धों के नाम दर्ज किए।
जुलाई में लापता हुई थी महिला
पुलिस ने बताया कि रूपिंदर कौर पंधेर मूल रूप से लुधियाना निवासी इंग्लैंड निवासी अनिवासी भारतीय (NRI) चरणजीत सिंह ग्रेवाल के निमंत्रण पर भारत आई थीं, जो उनका दूल्हा बनने वाला था। पंधेर की बहन कमल कौर खैरा को 24 जुलाई को उसका मोबाइल फ़ोन बंद मिलने पर शक हुआ। 28 जुलाई तक, खैरा ने नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास को सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस पर मामले की जांच करने का दबाव डाला। खैरा परिवार को पिछले हफ़्ते ही उसकी मौत की खबर मिली।
यह भी पढ़ें: जिस पिस्टल ने सिद्धू मूसेवाला की छिनी सांसे उसी से दिशा पटानी के घर हुआ हमला,
हत्या के बाद जलाया गया शव
पुलिस ने अमेरिकी नागरिक की हत्या के आरोप में मल्हा पट्टी निवासी सुखजीत सिंह सोनू को गिरफ्तार किया। सोनू ने 12 जुलाई को अपने घर में रुपिंदर को बेसबॉल के बल्ले से पीट-पीटकर मार डाला। हत्या के बाद उसने शव को एक स्टोर रूम में जला दिया, फिर जली हुई लाश को चार बोरियों में भरकर घुंघराना के पास एक नाले में फेंक दिया, बाद में नाले से कुछ कंकाल के अवशेष भी बरामद किए गए, जिनके रुपिंदर के होने का संदेह है। सोनू ने ग्रेवाल के निर्देश पर काम किया, जिसने कथित तौर पर उसे पंधेर की हत्या के लिए 50 लाख रुपये देने का वादा किया था।
यह भी पढ़ें: गर्भवती स्त्री के सामने आते ही सांप हो जाते हैं अंधे!
महिला से बदला लेना चाहता था एनआरआई
अधिकारियों ने बताया कि पंधेर ने ग्रेवाल को आने से पहले ही उसे अच्छी-खासी रकम ट्रांसफर कर दी थी। फरार ग्रेवाल को इस मामले में एक संदिग्ध के रूप में नामित किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतका रूपिंदर कौर पंधेर दो बार तलाकशुदा थी। ब्रिटेन में रहने वाले चरणजीत सिंह से रूपिंदर की दोस्ती थी। चरणजीत ने रूपिंदर से शादी का वादा किया था। कुछ महीने पहले रूपिंदर ने चरणजीत पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था लेकिन चरणजीत ने शादी से इनकार कर दिया था। इस पर रूपिंदर ने उसके खिलाफ दुष्कर्म व सुखजीत के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाने की धमकी दी थी। उससे छुटकारा पाने के लिए ही ग्रेवाल ने यह सारी साजिश रची।