धन प्राप्ति के लिए निर्जला एकादशी पर करें ये गुप्त उपाय, पूरे साल मिलेगा आपको शुभ फल
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 05:58 PM (IST)
नारी डेस्क: निर्जला एकादशी का व्रत ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। माना जाता है कि इस दिन व्रत करने से व्यक्ति को सालभर में आने वाली सभी 24 एकादशियों का पूरा फल मिलता है। इस बार 25 जून को निर्जला एकादशी मनाई जाएगी। इसे पांडव एकादशी या भीमसेनी एकादशी भी कहते हैं। अगर आप किसी कारण व्रत नहीं रख पा रहे हैं तो इस दिन एक गुप्त उपाय करने से ही पूर्ण फल मिल जाएगा।

इस दिन दान का विशेष महत्व
पुराणों के अनुसार, जो व्यक्ति वर्ष भर की एकादशियों का पालन नहीं कर पाता, वह सिर्फ निर्जला एकादशी का व्रत करके सभी व्रतों का फल प्राप्त कर सकता है। इस दिन किया गया दान अक्षय पुण्य देता है। इस दिन भूखों को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है। गर्मियों में प्याऊ या मिट्टी का घड़ा देना पुण्यदायक है। माना जाता है कि गरीबों को कपड़े और चप्पल देने से पापों का नाश होता है, वहीं फल और मीठा शरबत का दान करने से रोगों से मुक्ति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। वहीं इस दिन छाता और पंखा का दान देना भी बेहद शुभ माना गया है।
विवाह के लिए करें ये उपाय
निर्जला एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस दिन भगवान विष्णु को पीले रंग के वस्त्र अर्पित करें। ऐसा करने से सभी परेशानियां दूर हो सकती है। इस दिन भगवान विष्णु के मंदिर जाकर पीले रंग का ध्वज अर्पित करें। ऐसा करने से गुरु के दोष से छुटकारा मिल जाता है। इसके साथ ही विवाह में आने वाली अड़चन से छुटकारा मिल जाता है।

गुप्त और चमत्कारी उपाय
वास्तु शास्त्र के अनुसार इस दिन संध्या के समय तुलसी के नीचे घी का दीपक जलाने और भगवान विष्णु का ध्यान करने से घर में धन-धान्य और सुख-शांति बनी रहती है। इस दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ का 108 बार जाप करने से मनोकामनाओं की पूर्ति होती है और मानसिक शांति मिलती है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन पीले कपड़े में सिक्का लपेटकर तिजोरी में रखने से धन में वृद्धि होती है। इस दिन साफ जल में चावल डालकर चांद को अर्पित करने से घर में मानसिक तनाव, कलह और दरिद्रता दूर होती है।
केले का पौधा लगाएं
निर्जला एकादशी के दिन घर में केले का पौधा लगाना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही इसकी देखभाल जरूर करें। वहीं हर गुरुवार के दिन हल्दी मिला हुआ जल अर्पित करें। ऐसा करने से भगवान विष्णु जल्द प्रसन्न हो जाते है और हर परेशानी से छुटकारा मिल जाता है। इस दिन पीपल के पेड़ को जल जरूर अर्पित करें।

