दुनिया के सबसे भारी नवजात में शामिल हुआ न्यूयॉर्क का बच्चा, वजन देखकर सब रह गए दंग!
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 12:39 PM (IST)
नारी डेस्क: न्यूयॉर्क के कयुगा मेडिकल सेंटर में हाल ही में एक महिला ने 5.9 किलो (13 पाउंड) वज़न के बच्चे को जन्म दिया है। बच्चे का नाम शॉन जूनियर रखा गया है। बच्चे का आकार देखकर उसके माता-पिता और हॉस्पिटल का स्टाफ भी हैरान रह गए। शॉन जूनियर अब उस हॉस्पिटल में जन्मे सबसे भारी नवजात बन गए हैं।
इतना बड़ा होने की उम्मीद नहीं थी
बच्चे के माता-पिता टेरिका और शॉन ने बताया कि उन्हें पता था कि उनका बेटा बड़ा होगा, लेकिन जब उन्होंने शॉन जूनियर को पहली बार देखा, तो वे चौंक गए। टेरिका ने कहा, "हमें पता था कि वह बड़ा होगा, लेकिन इतना बड़ा होगा, ये हमें नहीं पता था।" टेरिका के चार बच्चे पहले से हैं, लेकिन शॉन जूनियर का वजन उन्हें खासकर चौंकाने वाला लगा। इतनी बड़ी बॉडी होने के कारण शॉन जूनियर को 3 से 6 महीने के बच्चों वाले डायपर पहनाने पड़ रहे हैं।
हॉस्पिटल स्टाफ भी हैरान
डॉक्टरों और नर्सों का कहना है कि शॉन जूनियर की डिलीवरी असाधारण थी और इसे बेहद सावधानी से हैंडल किया गया। हॉस्पिटल ने बाद में फेसबुक पर एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें शॉन जूनियर को मार्गोट नाम की एक दूसरी नवजात बच्ची के साथ दिखाया गया। मार्गोट का जन्म भी उसी दिन हुआ था, लेकिन उसका वजन सिर्फ 1.8 किलो (3.96 पाउंड) था।
ये भी पढ़ें: जरा संभलिए पेरेंट्स! बच्चों को फ्रेंच फ्राइज नहीं, सिगरेट जैसा नुकसान दे रहे हैं आप
दो बच्चों की खुशियों की डबल तस्वीर
हॉस्पिटल ने दोनों बच्चों की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने 13 पाउंड के सबसे बड़े नवजात शॉन जूनियर का स्वागत किया, वहीं दूसरी ओर एक अन्य परिवार ने 4 पाउंड की नन्हीं मार्गोट के जन्म का जश्न मनाया। मार्गोट की मां ने कहा कि दोनों बच्चों को एक साथ देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। हॉस्पिटल स्टाफ ने भी इस मौके पर खुशी जताई और बताया कि उनका अस्पताल हर नवजात बच्चा, छोटा या बड़ा, दोनों के लिए पूरी तरह तैयार है।

इतिहास के सबसे भारी बच्चे का जिक्र
इतिहास में सबसे भारी नवजात का रिकॉर्ड 19 जनवरी 1879 का है। अमेरिका के ओहायो में जन्मे इस बच्चे का नाम “बेब” था, और उसका वजन जन्म के समय 9.98 किलो (22 पाउंड) तथा लंबाई 28 इंच (71.12 सेंटीमीटर) थी। दुर्भाग्यवश, वह केवल 11 घंटे ही जीवित रह सका। शॉन जूनियर के जन्म ने साबित कर दिया कि कभी-कभी नवजात बच्चे अपने आकार और वजन के कारण सभी को हैरान कर सकते हैं, लेकिन सही मेडिकल केयर के साथ हर बच्चे का स्वागत सुरक्षित रूप से किया जा सकता है।

