आम आदमी को झटका! LPG सिलेंडर के बढ़े दामों के साथ बुकिंग के भी बदले नियम

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 03:26 PM (IST)

नारी डेस्क : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत की रसोई तक पहुंचने लगा है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष की वजह से खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। खासतौर पर समुद्री व्यापार के अहम रास्ते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते तनाव से एलपीजी की वैश्विक सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है। भारत अपनी एलपीजी जरूरत का बड़ा हिस्सा कतर और सऊदी अरब जैसे देशों से आयात करता है। ऐसे में इन हालातों का असर देश में गैस की आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार और तेल कंपनियों ने एलपीजी की सप्लाई को संतुलित बनाए रखने के लिए कुछ नए नियम लागू किए हैं।

अब 25 दिन बाद ही बुक होगा नया सिलेंडर

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए इंतजार की अवधि बढ़ा दी गई है। पहले उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन अब यह समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के कम से कम 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर पाएंगे। इस नियम का उद्देश्य गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकना है। इसके साथ ही तेल कंपनियों ने डिलीवरी प्रक्रिया को भी सख्त कर दिया है। कई जगहों पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय ओटीपी और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि गैस का गलत इस्तेमाल रोका जा सके।

PunjabKesari

गैस सिलेंडर की कीमत भी बढ़ी

हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम करीब 115 रुपये तक बढ़ गए हैं। यह पिछले एक साल में दूसरी बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। इससे पहले अप्रैल महीने में भी घरेलू सिलेंडर के दाम लगभग 50 रुपये बढ़ाए गए थे। हालांकि सरकार का कहना है कि इस बढ़ोतरी के बावजूद भारत में एलपीजी की कीमतें पड़ोसी देशों जैसे श्रीलंका और पाकिस्तान के मुकाबले अभी भी कम हैं।

यें भी पढ़ें : शीतला अष्टमी पर क्यों नहीं जलाया जाता चूल्हा? जानें इसके पीछे की परंपरा

 

कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर असर

एलपीजी आयात में आई रुकावट का सबसे ज्यादा असर कमर्शियल सेक्टर पर पड़ रहा है। कई राज्यों में रेस्टोरेंट, होटल और छोटे कारोबारियों को मिलने वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई कम कर दी गई है। पुणे, मुंबई और नागपुर जैसे शहरों में कमर्शियल गैस की उपलब्धता घट गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुणे में एलपीजी से चलने वाले गैस श्मशान घाट को भी अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। इसके अलावा हजारों रेस्टोरेंट और बार के कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका है। वहीं पंजाब में 8 मार्च से कमर्शियल और औद्योगिक गैस सिलेंडर की डिस्पैच रोक दी गई है। इसके अलावा तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई शहरों में भी फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की नई सप्लाई रोक दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static