खट्टी डकार और सीने में जलन है खतरे की निशानी, Acidity को बिल्कुल न समझो नॉर्मल
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 07:06 PM (IST)
नारी डेस्क: आजकल बहुत से लोग एसिडिटी (Acidity) को एक आम और हल्की समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन डॉक्टरों और सर्जनों के अनुसार यह आदत खतरनाक साबित हो सकती है। बार-बार होने वाली एसिडिटी कई गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकती है। कभी-कभार एसिडिटी सामान्य है, लेकिन बार-बार होने वाली एसिडिटी को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है

एसिडिटी क्या होती है?
जब पेट में बनने वाला एसिड (Acid) जरूरत से ज्यादा बनता है और ऊपर की ओर (गले तक) आने लगता है, तो इसे एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स कहते हैं। इसमें सीने में जलन, खट्टी डकार, पेट दर्द जैसी समस्याएं होती हैं। अगर लंबे समय तक एसिडिटी को नजरअंदाज किया जाए, तो ये समस्याएं हो सकती हैं।
क्यों खतरनाक हो सकती है एसिडिटी?
GERD (गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज): लगातार एसिड रिफ्लक्स होने पर यह गंभीर बीमारी बन जाती है, जिससे खाना निगलने में परेशानी और गले में जलन बनी रहती है।
अल्सर (Ulcer): पेट की अंदरूनी परत एसिड से डैमेज होकर घाव (अल्सर) बन सकता है, जो दर्दनाक और खतरनाक होता है।
इसोफेगस का डैमेज: बार-बार एसिड ऊपर आने से फूड पाइप (इसोफेगस) में सूजन, जलन और घाव हो सकते हैं।
कैंसर का खतरा: लंबे समय तक untreated एसिडिटी से इसोफेगल कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।
हार्ट अटैक जैसी कन्फ्यूजन: कई बार एसिडिटी का दर्द और हार्ट अटैक का दर्द एक जैसा लगता है, जिससे लोग असली खतरे को पहचान नहीं पाते।

ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें
-सीने में बार-बार जलन या दर्द
-खाना निगलने में दिक्कत
-बार-बार उल्टी या खून आना
-अचानक वजन कम होना
-रात में ज्यादा एसिडिटी होना
एसिडिटी से बचने के आसान उपाय
बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना कम करें, एक बार में ज्यादा खाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा खाएं, खाना खाने के तुरंत बाद लेटें नहीं ,चाय, कॉफी और शराब का सेवन कम करें, वजन कंट्रोल में रखें, तनाव (Stress) कम करें। सर्जन का कहना है कि बार-बार होने वाली एसिडिटी शरीर का एक संकेत है कि अंदर कुछ गड़बड़ है, इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

