नवरात्रि में जौ के साथ घर पर बोएं ये दो चीजें, खुशियों से झोली भर देगी माता रानी
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 05:38 PM (IST)

नारी डेस्क: इन दिनों घर- घर में माता रानी के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। दो दिन बाद नवरात्रि का पावन पर्व शुरु होने जा रहा है। नवरात्रि का पर्व साल में चार बार आता है, जिसमें से दो गुप्त नवरात्रि, एक चैत्र नवरात्रि और एक शारदीय नवरात्रि होते हैं। आश्विन माह में आने वाले नवरात्रि को शारदीय नवरात्रि कहा जाता है। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार देवी मां स्वर्ग लोक से धरती लोक पर आकर भक्तों का कल्याण करती हैं, ऐसे में घरों में कलश स्थापना के साथ ही जौ भी बोए जाते हैं। इसे मां दुर्गा की कृपा का प्रतीक और घर-परिवार में सुख-समृद्धि लाने वाला उपाय कहा गया है। लेकिन केवल जौ ही नहीं, कुछ और चीजें भी साथ बोने से घर में सकारात्मक ऊर्जा और धन-धान्य की वृद्धि होती है।

नवरात्रि में जौ बोने का कारण और महत्व
जौ धरती की उर्वरता और नई शुरुआत का प्रतीक है। नवरात्रि में बोए गए जौ जीवन में वृद्धि, सुख और समृद्धि का संदेश देते हैं। मान्यता है कि अगर जौ हरे-भरे और सीधे उगते हैं तो यह साल घर में अच्छी फसल, धन-धान्य और खुशहाली लेकर आता है। यदि जौ पीले या सूखे निकलें तो इसे सावधानी का संकेत माना जाता है। जौ को मां दुर्गा का प्रिय अन्न माना गया है। प्राचीन यज्ञों और अनुष्ठानों में जौ का हवन में प्रयोग होता रहा है, इसलिए नवरात्रि पूजा में इसकी खास जगह है। शास्त्रों में कहा गया है कि नवरात्रि में बोए गए जौ देखकर पूरे साल का शुभ-अशुभ अनुमान लगाया जा सकता है।
जौ के अलावा इन चीजों का भी है महत्व
नवरात्र के पहले दिन अगर आप किसी कारण से जौ नहीं बो पाते हैं तो इस दिन दूर्वा भी बोया जा सकता है। दुर्वा बोने से देवी भगवती के साथ-साथ गणपति की भी कृपा प्राप्त होती है। दूर्वा के साथ तुलसी का पौधा लगाना भी बहुत शुभ माना गया है। जब नवरात्रि समाप्त हो जाए तो आप इस पौधे को घर पर ही रखें और प्रतिदिन पूजा करें. इससे भी घर पर शुभता बनी रहती है।

हरे-भरे जौ उगाने का आसान तरीका
पहले मिट्टी का चौड़ा पात्र या थाली लें, फिर इसमें गंगा जल या स्वच्छ जल से गीली की हुई मिट्टी डालें। जौ को हल्के हाथ से दबाकर बो दें। रोज सुबह-शाम हल्का जल छिड़कें (ज्यादा पानी नहीं डालना है)। ध्यान रखें पात्र को पूजा स्थान पर रखें जहां धूप-हवा मिलती रहे।
अगर जौ हरे-भरे और सीधे उगें तो यह घर के लिए बहुत शुभ माना जाता है।