मौनी रॉय के सपनों का आशियाना है बेहद खूबसूरत, इंटीरियर ने खींची नजरें
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 04:16 PM (IST)
नारी डेस्क: टीवी की 'नागिन' और बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय इन दिनों अपने खूबसूरत घर को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान को अपने मुंबई वाले घर का हाउस टूर कराया। फराह अपने कुक दिलीप के साथ मौनी के घर लंच के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उनके व्लॉग में मौनी के आलीशान 4 BHK अपार्टमेंट की झलक देखने को मिली। मौनी का यह घर मुंबई के एक पॉश इलाके में है और इसकी सबसे खास बात है यहां से दिखाई देने वाला शानदार नजारा। घर की खिड़की से बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के मशहूर बंगले 'मन्नत' को भी देखा जा सकता है। फराह के साथ बातचीत के दौरान जब मौनी की नजर मन्नत पर गई तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यहीं तो पार्टी करते हैं। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि वह करीब साढ़े तीन साल से इस घर में रह रही हैं।
घर में कदम रखते ही दिखता है ग्रैंड लिविंग एरिया
मौनी के घर का मेन एंट्रेंस एक बड़े बेज रंग के दरवाजे से होता है। अंदर आते ही खुला और काफी स्पेशियस लिविंग और डाइनिंग एरिया नजर आता है। घर की सजावट में बहुत ज्यादा चटख रंगों की जगह क्रीम, ग्रे और बेज जैसे सॉफ्ट शेड्स को प्राथमिकता दी गई है। लिविंग रूम में बड़ा क्रीम-टोन्ड सोफा रखा है, जिसके साथ ग्रे एक्सेंट चेयर और अलग-अलग डिजाइन की सर्कुलर और एब्स्ट्रैक्ट कॉफी टेबल्स रखी गई हैं। डाइनिंग एरिया भी इसी ओपन-प्लान स्पेस का हिस्सा है। यहां डार्क वुडन टेबल के साथ म्यूटेड ग्रे-बेज कुर्सियां रखी गई हैं। पूरा सेटअप ऐसा है कि घर में आने वाले मेहमानों के साथ आराम से वक्त बिताया जा सके।
दीवारों पर आर्टवर्क ने बढ़ाई खूबसूरती
मौनी के घर का इंटीरियर सिर्फ सादगी पर आधारित नहीं है। न्यूट्रल रंगों वाली दीवारों को खूबसूरत आर्टवर्क से सजाया गया है। लिविंग रूम में लगी बड़ी ब्लैक एंड व्हाइट एब्स्ट्रैक्ट पेंटिंग्स घर की खूबसूरती को अलग ही अंदाज देती हैं। डाइनिंग एरिया के पीछे लगे रिफ्लेक्टिव मिरर्स भी इंटीरियर का खास हिस्सा हैं। इनसे कमरे में मौजूद रोशनी और ज्यादा फैलती हुई नजर आती है और स्पेस भी खुला-खुला महसूस होता है। शाम के समय वार्म लाइटिंग, झूमर और रिसेस्ड लाइट्स पूरे घर को एक सॉफ्ट और रॉयल एहसास देते हैं।
किताबों के बीच सुकून का कोना
घर के गलियारे से आगे बढ़ने पर एक छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत लाइब्रेरी कॉर्नर नजर आता है। लकड़ी के पैनल वाले दरवाजे और क्रीम रंग की दीवारों के बीच यह हिस्सा काफी शांत और सुकून भरा लगता है। मौनी को किताबें पढ़ने का शौक है और घर का यह कोना उनके इस प्यार की झलक देता है। इसके अलावा उन्होंने घर में एक शांत होम ऑफिस भी तैयार किया है। यूरोपीय अंदाज से प्रेरित इस स्टडी स्पेस में लकड़ी की डेस्क, आरामदायक कुर्सी और फ्लोर लैंप रखा गया है।

ये भी पढ़ें: लीड एक्टर पड़े बीमार तो चमकी किस्मत, प्रॉप संभालने वाले शोभिनव बने 'नीम करौली बाबा
होम ऑफिस के पास है खूबसूरत मंदिर
मौनी के घर में एक खूबसूरत मंदिर भी है। होम ऑफिस के पास बने इस पूजा वाले हिस्से को बेहद सलीके से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाता यह छोटा-सा मंदिर घर के बाकी मॉडर्न इंटीरियर के बीच एक आध्यात्मिक और शांत माहौल बनाता है।
नेवी ब्लू किचन ने बदला घर का मूड
जहां घर के बाकी हिस्सों में क्रीम, बेज और ग्रे जैसे सॉफ्ट शेड्स देखने को मिलते हैं, वहीं किचन में मौनी ने थोड़ा बोल्ड कलर चुना है। यहां नेवी ब्लू कैबिनेट्स बनाए गए हैं, जो सफेद दीवारों और मार्बल जैसे बैकस्प्लैश के साथ खूबसूरत कॉन्ट्रास्ट बनाते हैं। किचन का यह गहरा रंग पूरे घर के न्यूट्रल इंटीरियर के बीच एक अलग और मॉडर्न टच जोड़ता है।

टीवी से बॉलीवुड तक ऐसा रहा मौनी का सफर
मौनी रॉय ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। 'नागिन' में उनके किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और देखते ही देखते वह टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। टीवी पर अपनी पहचान बनाने के बाद मौनी ने बॉलीवुड का रुख किया। साल 2018 में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'गोल्ड' से बॉलीवुड डेब्यू किया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला था। इसके बाद मौनी 'ब्रह्मास्त्र' जैसी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनीं और बॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई। फराह खान के व्लॉग में घर की झलक दिखाने के साथ मौनी ने अपने करियर से जुड़े कुछ किस्से भी शेयर किए। उन्होंने बताया कि उन्हें एकता कपूर से पहला टीवी शो कैसे मिला था। यानी इस हाउस टूर में मौनी का आलीशान घर ही नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी और करियर की कुछ दिलचस्प झलकियां भी देखने को मिलीं।

