दूल्हा खोजने निकली मां ने खुद ही रचा ली दामाद से शादी और फिर...

punjabkesari.in Tuesday, Jun 03, 2025 - 12:13 PM (IST)

नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक अनोखी और हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है। यहां एक 45 वर्षीय विधवा महिला अपनी बेटी के लिए दूल्हा खोजने निकली थीं, लेकिन खुद उसी दूल्हे से प्रेम हो गया और उन्होंने उससे शादी कर ली। सबसे खास बात यह है कि बेटी ने भी अपनी माँ का पूरा समर्थन किया और उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अनोखी शादी की खबर जब गांव में फैली, तो पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।

कहानी कैसे हुई शुरू?

यह मामला शाहजहांपुर के बंडा इलाके के देवकली अंतर्गत रामस्तपुर क्षेत्र का है। महिला के पति तीन साल पहले चल बसे थे और तब से वह अकेले अपनी बेटी के साथ रह रही थीं। बेटी अब शादी के लिए तैयार थी, इसलिए महिला उसके लिए एक अच्छा वर खोजने निकली। कई रिश्ते देखे, लेकिन कोई रिश्ता सही नहीं लगा।

फिर महिला रिश्ते के लिए शाहजहांपुर के एक गांव पहुंचीं, जहां उन्हें एक युवक अपनी बेटी के लिए उपयुक्त लगा। उन्होंने उस युवक से बेटी के लिए रिश्ता तय कर लिया और युवक का मोबाइल नंबर भी ले लिया। दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर गहरे प्यार में बदल गई।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: दुखद हादसा: बेटे की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे माता-पिता की सड़क दुर्घटना में मौत!

बेटी ने दिया मां का साथ, मंदिर में हुई शादी

महिला ने खुद युवक से विवाह की बात शुरू की, और युवक ने भी बिना हिचक के हां कर दी। जब महिला ने अपनी बेटी को सारी सच्चाई बताई, तो बेटी ने अपनी माँ के इस फैसले को समझा और उनका पूरा साथ दिया। बेटी ने माँ को इस रिश्ते और शादी के लिए प्रोत्साहित किया। चार दिन पहले दोनों ने शाहजहांपुर के एक मंदिर में शादी की, वरमाला डालकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की।

गांव में मचा हड़कंप, समाज में बहस तेज

शादी के बाद जब यह नया जोड़ा गांव पहुंचा, तो लोग हैरान रह गए। कोई विश्वास नहीं कर पा रहा था कि जो महिला शादी के लिए निकली थी, वह खुद दुल्हन बनकर लौटेगी। कुछ लोग इस रिश्ते को समाज की परंपराओं के खिलाफ बता रहे हैं और विरोध कर रहे हैं, लेकिन कई लोग महिला की हिम्मत और साहस की तारीफ कर रहे हैं, जिन्होंने पुराने सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती दी है। यह प्रेम कहानी आज पूरे शाहजहांपुर और आस-पास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
  

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static