बारिश में झड़ रहे हैं बाल, प्याज और एलोवेरा का यह आसान नुस्खा दे सकता है राहत

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 11:31 AM (IST)

नारी डेस्क : बारिश का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन यह मौसम बालों के लिए कई तरह की परेशानियां भी साथ लेकर आता है। मानसून में हवा में बढ़ी नमी, गंदा बारिश का पानी और स्कैल्प पर जमा पसीना व धूल की वजह से बालों का झड़ना, डैंड्रफ, खुजली और स्कैल्प इंफेक्शन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अगर आप भी इन दिनों हेयर फॉल से परेशान हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय और सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

मानसून में क्यों बढ़ जाती है बाल झड़ने की समस्या?

 डॉक्टर के अनुसार, आज के समय में बारिश का पानी प्रदूषण और धुएं के संपर्क में आने के कारण पहले जैसा शुद्ध नहीं रह गया है। ऐसे में लंबे समय तक बालों पर बारिश का पानी रहने से स्कैल्प में बैक्टीरिया और फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है, जिससे डैंड्रफ, खुजली और बालों के टूटने की समस्या हो सकती है।

PunjabKesari

हेलमेट पहनने वाले रखें इन बातों का ध्यान

अगर आप रोजाना बाइक चलाते हैं और हेलमेट पहनते हैं, तो मानसून में स्कैल्प की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। हेलमेट पहनने से पहले सिर पर सूती रुमाल बांधें, ताकि पसीना सीधे स्कैल्प पर जमा न हो। साथ ही अपनी कंघी को नियमित रूप से साफ करें और गीले बालों में कंघी करने से बचें।

यें भी पढ़ें : COVID-19 के बढ़ते मामलों के पीछे सामने आया कारण, जानें कितना खतरनाक है नया स्ट्रेन

 

प्याज और एलोवेरा का घरेलू नुस्खा

डॉक्टर के अनुसार, प्याज में मौजूद सल्फर बालों की जड़ों को पोषण देने और हेयर ग्रोथ को सपोर्ट करने में मदद कर सकता है।
वहीं, एलोवेरा स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने और नमी बनाए रखने में सहायक माना जाता है।

PunjabKesari

कैसे तैयार करें यह हेयर पैक?

1 प्याज का ताजा रस निकाल लें।
इसमें 1-2 चम्मच नारियल का तेल मिलाएं।
आधा चम्मच ताजा एलोवेरा जेल डालकर अच्छी तरह मिला लें।
इस मिश्रण को स्कैल्प और बालों की जड़ों पर हल्के हाथों से लगाएं।
10-15 मिनट बाद किसी माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें।

यें भी पढ़ें : गुणों से भरपूर मखाना इन 5 लोगों को नहीं खाना चाहिए

 

क्या हैं इसके संभावित फायदे?

इस मिश्रण के नियमित उपयोग से स्कैल्प को पोषण मिल सकता है, बालों की जड़ों को मजबूती मिल सकती है और हेयर फॉल कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकता है और यह किसी चिकित्सीय उपचार का विकल्प नहीं है।

PunjabKesari

बालों को मजबूत रखने के लिए अपनाएं ये आदतें

बारिश में भीगने के बाद जल्द से जल्द साफ पानी से बाल धो लें।
गीले बालों को लंबे समय तक बांधकर न रखें।
सप्ताह में 2-3 बार माइल्ड शैम्पू से बाल साफ करें।
संतुलित आहार लें और पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, आयरन व बायोटिन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें।
स्कैल्प की हल्की मसाज के लिए रोजमेरी ऑयल या किसी कैरियर ऑयल में मिलाकर लेमन एसेंशियल ऑयल (उचित मात्रा में) का उपयोग किया जा सकता है।

कब डॉक्टर से मिलें?

अगर बाल तेजी से झड़ रहे हों, स्कैल्प पर लालिमा, सूजन, लगातार खुजली या फंगल इंफेक्शन के लक्षण दिखाई दें, तो घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय त्वचा रोग विशेषज्ञ (Dermatologist) से सलाह लेना बेहतर होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static