हथेली पर दिखें ये निशान तो रातों रात रोडपति से बन जाएंगे करोड़पति
punjabkesari.in Wednesday, Nov 12, 2025 - 04:14 PM (IST)
नारी डेस्क: हस्तरेखा शास्त्र (Palmistry) के अनुसार, हमारे हाथों में मौजूद रेखाएं और निशान हमारे जीवन के उतार-चढ़ाव, सफलता और असफलता की कहानी बताते हैं। इन निशानों में सबसे खास और शुभ माने जाने वाला निशान है ‘स्टार’ (Star Sign)। कहा जाता है कि अगर आपकी हथेली में यह निशान सही जगह पर बना हो, तो यह आपको रातोंरात रोडपति से करोड़पति बना सकता है। लेकिन ध्यान रहे अगर इसका गलत उपयोग हुआ, तो यह शुभ निशान अशुभ भी साबित हो सकता है। हस्तरेखा विशेषज्ञ दर्शन पाठक बताते हैं कि यह समझना बहुत जरूरी है कि ‘स्टार’ का निशान आपकी हथेली के किस पर्वत (Mount) पर बना है, क्योंकि हर पर्वत अलग-अलग तरह का असर डालता है। आइए जानते हैं विस्तार से
बुध पर्वत पर स्टार का निशान – देता है रिसर्च और सफलता का वरदान
अगर आपकी हथेली में बुध पर्वत (जो कि सबसे छोटी उंगली के नीचे होता है) पर स्टार बना है, तो यह बेहद शुभ संकेत माना जाता है। इस निशान वाले व्यक्ति को रिसर्च, शिक्षा, लेखन, और विश्लेषण के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिलती है। ऐसे लोग बहुत तेज दिमाग के होते हैं और किसी भी विषय की गहराई में जाकर सफलता हासिल करते हैं। यह निशान व्यक्ति को नई खोजों और अनोखे कामों की दिशा में आगे बढ़ाता है।

सूर्य पर्वत पर स्टार का निशान – दिलाता है नाम, यश और शोहरत
सूर्य पर्वत रिंग फिंगर (अनामिका उंगली) के नीचे होता है। अगर यहां स्टार बना है, तो यह व्यक्ति के लिए यश, प्रसिद्धि और सम्मान लेकर आता है। ऐसे लोग समाज में पहचाने जाते हैं, उनका काम लोगों तक पहुंचता है, और उनकी पहचान दूर-दूर तक फैलती है। यह निशान कलाकारों, पब्लिक फिगर्स या ऐसे लोगों में आमतौर पर देखा जाता है जो अपने टैलेंट से लोगों के बीच पहचान बनाते हैं।
शनि पर्वत पर स्टार का निशान – बना सकता है रातोंरात करोड़पति
शनि पर्वत मध्यमा उंगली (मिडल फिंगर) के नीचे स्थित होता है। यहां अगर स्टार बना है, तो यह अचानक धन और भाग्य का संकेत देता है। इस निशान वाले व्यक्ति के जीवन में अचानक से ऐसा समय आता है जब उनकी किस्मत चमक उठती है व्यवसाय में फायदा, पैसा, शोहरत और पद सब कुछ एक साथ मिल सकता है। लेकिन दर्शन पाठक चेतावनी देते हैं अगर इस धन का गलत इस्तेमाल किया गया, तो 2 साल के अंदर एक्सीडेंट या नुकसान की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए, इस निशान वाले लोगों को अपने कर्म और कार्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
गुरु पर्वत पर स्टार का निशान – कराता है भाग्योदय और ऊंची पहचान
गुरु पर्वत, जो तर्जनी (Index Finger) के नीचे होता है, अगर वहां स्टार का निशान बने तो यह अचानक भाग्योदय और सम्मान का प्रतीक होता है। इस निशान वाले व्यक्ति को जीवन में किसी समय ऐसा दौर आता है जब उन्हें बड़े लोगों का साथ मिलता है, सामाजिक और पेशेवर जीवन में ऊंचा स्थान प्राप्त होता है। यह प्रभाव लगभग दो साल तक रहता है, जिसमें व्यक्ति को खूब सफलता और मान-सम्मान मिलता है।

गलत दिशा में गया भाग्य तो हो सकता है नुकसान
हालांकि, यह निशान जितना शुभ होता है, उतना ही संवेदनशील भी। दर्शन पाठक कहते हैं कि अगर कोई व्यक्ति इस शुभ समय में धन या शक्ति का उपयोग गलत दिशा में करता है जैसे कि दूसरों को नुकसान पहुंचाने या गलत कामों में तो यह स्टार शुभ फल देना बंद कर देता है और उल्टा असर दिखाने लगता है।
कैसे करें इस शुभ निशान का फायदा
हमेशा सकारात्मक सोच और सद्कर्म करें। जरूरतमंदों की मदद करें, दान और सेवा करें। शराब, छल-कपट और गलत संगत से दूर रहें। अपने स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का ध्यान रखें। हथेली पर बना स्टार का निशान वाकई बहुत खास माना जाता है, लेकिन इसका असर आपके कर्मों पर निर्भर करता है। अगर आप अच्छे कार्यों में विश्वास रखते हैं, तो यह निशान आपकी किस्मत को सच में बदल सकता है।
Disclaimer: यह जानकारी ज्योतिष और हस्तरेखा शास्त्र पर आधारित है। इसका उद्देश्य केवल सामान्य जानकारी देना है। इसे वैज्ञानिक या मेडिकल सलाह के रूप में न लें। किसी निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

