स्टेज पर जलवा, पर्दे के पीछे तकरार… ये है ‘मुन्नी बदनाम’ गाने की सच्चाई!
punjabkesari.in Tuesday, Sep 09, 2025 - 11:43 AM (IST)

नारी डेस्क : ‘मुन्नी बदनाम हुई’ बॉलीवुड के सबसे यादगार आइटम सॉन्ग्स में गिना जाता है। बता दें की साल 2010 में सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता पाई और रिकॉर्ड तोड़ दिए। फिल्म को सुपरहिट बनाने में एक बड़ा योगदान मलाइका अरोड़ा के आइटम नंबर ‘मुन्नी बदनाम हुई’ का भी रहा। इस गाने ने लोगों को दीवाना बना दिया और आज भी पार्टी प्लेलिस्ट का हिस्सा है। लेकिन इस गाने के पीछे एक दिलचस्प कहानी भी है, जिसके बारे में हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म के दौरान सलमान खान और अरबाज खान दोनों ही नहीं चाहते थे कि मलाइका ये गाना करें।
अरबाज और सलमान को क्यों थी आपत्ति?
अभिनव कश्यप ने एक इंटरव्यू में बताया कि अरबाज खान इस बात से सहज नहीं थे कि उनकी पत्नी मलाइका को ‘आइटम गर्ल’ का टैग मिले। उन्हें यह पसंद नहीं था कि उनकी पत्नी छोटे कपड़ों में स्क्रीन पर नजर आएं। सलमान खान की भी इसी तरह की सोच थी। अभिनव के मुताबिक, सलमान और अरबाज दोनों पारंपरिक सोच रखने वाले हैं। सलमान नहीं चाहते थे कि उनकी फैमिली की महिलाएं खुले कपड़ों में या ऐसे गानों में नजर आएं। इस वजह से दोनों भाई मलाइका के इस गाने को लेकर राजी नहीं थे।
मलाइका ने कैसे मनाया अरबाज को?
अभिनव कश्यप ने बताया कि मलाइका अरोड़ा एक मजबूत और आत्मनिर्भर महिला हैं। जब उन्हें यह गाना ऑफर हुआ, तो उन्होंने तय किया कि वो इसे करेंगी। हालांकि अरबाज को मनाने में उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी। मलाइका ने अरबाज को समझाया कि इस गाने में कोई वल्गैरिटी (अश्लीलता) नहीं है, यह सिर्फ एक डांस नंबर है। इसमें उनके परिवार के सदस्य और करीबी ही मौजूद रहेंगे, तो शर्मिंदगी की कोई बात नहीं। आखिरकार अरबाज मान गए और मलाइका ने यह गाना किया।
‘मुन्नी बदनाम’ बना आइकॉनिक
मुन्नी बदनाम’ गाना फिल्म के साथ ही ब्लॉकबस्टर हिट बन गया। रिलीज के बाद इस गाने ने धूम मचा दी और यह उस समय का सबसे ज्यादा सुना और पसंद किया जाने वाला डांस नंबर साबित हुआ। मलाइका अरोड़ा की बेहतरीन परफॉर्मेंस और स्टाइल ने इसे आइकॉनिक बना दिया, जो आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार आइटम सॉन्ग्स में गिना जाता है।
मलाइका और अरबाज की पर्सनल लाइफ
मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान की शादी 1998 में हुई थी। दोनों का एक बेटा अरहान है, जिसका जन्म 2002 में हुआ। लेकिन साल 2016 में दोनों का तलाक हो गया और अब दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। अरबाज खान ने हाल ही में मॉडल शूरा खान से शादी की है और दोनों जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। वहीं, मलाइका अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं और इंडस्ट्री में एक्टिव बनी हुई हैं।