'हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे'... Ex पति संजय कपूर की पहली डेथ एनिवर्सरी भावुक हुईं करिश्मा कपूर
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 11:47 AM (IST)
नारी डेस्क: एक साल पहले बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन की खबर ने उनके परिवार और करीबियों को गहरा झटका दिया था। 12 जून को उनकी पहली पुण्यतिथि पर एक्ट्रेस करिश्मा कपूर ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। भले ही दोनों का रिश्ता वर्षों पहले खत्म हो चुका था, लेकिन इस खास दिन पर करिश्मा ने अपने बच्चों के पिता को श्रद्धांजलि देना नहीं भूला।
इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी श्रद्धांजलि
करिश्मा कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक छोटा लेकिन भावनात्मक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "संजय हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।" इसके साथ उन्होंने प्रार्थना, सफेद दिल और शांति के प्रतीक कबूतर का इमोजी भी लगाया। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई और फैंस ने भी संजय कपूर को श्रद्धांजलि दी।

संपत्ति विवाद के बीच आई पोस्ट
करिश्मा की यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब संजय कपूर की करोड़ों की संपत्ति को लेकर परिवार के भीतर कानूनी विवाद चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर, उनकी मां रानी कपूर, बच्चों और अन्य परिजनों के बीच संपत्ति को लेकर मामला चर्चा में बना हुआ है।
प्रिया सचदेव ने भी पति को किया याद
संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने भी उनकी पहली डेथ एनिवर्सरी पर भावुक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा कि संजय भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख, सोच और व्यक्तित्व आज भी परिवार का मार्गदर्शन कर रहे हैं। प्रिया ने अपने संदेश में कहा कि संजय हमेशा जिंदगी को पूरे उत्साह और सकारात्मकता के साथ जीने में विश्वास रखते थे। वह लोगों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने यह भी लिखा कि संजय की यादें और उनका प्यार आज भी परिवार की सबसे बड़ी ताकत हैं।
ये भी पढ़ें: Bollywood की पहली एक्ट्रेस जो लेकर आई थी 25 Vanity Van
कैसे हुआ था संजय कपूर का निधन
संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को इंग्लैंड में हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह पोलो मैच खेल रहे थे, तभी गलती से एक मधुमक्खी उनके मुंह में चली गई। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। अस्पताल पहुंचाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर ने बिजनेस और बॉलीवुड जगत दोनों को स्तब्ध कर दिया था।

अंतिम संस्कार में बच्चों संग पहुंची थीं करिश्मा
संजय कपूर के अंतिम संस्कार में करिश्मा कपूर अपने दोनों बच्चों समायरा और कियान के साथ शामिल हुई थीं। इस दौरान उनकी बहन करीना कपूर खान और जीजा सैफ अली खान भी उनके साथ नजर आए थे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरा परिवार एकजुट दिखाई दिया। करिश्मा कपूर और संजय कपूर ने साल 2003 में सिख रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। शादी के बाद दोनों के घर बेटी समायरा और बेटे कियान का जन्म हुआ। हालांकि समय के साथ रिश्ते में दूरियां बढ़ती गईं और वर्ष 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया शुरू की।
2016 में अलग हुए दोनों के रास्ते
करीब दो साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद साल 2016 में दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया। उस दौरान करिश्मा ने संजय और उनकी मां के खिलाफ घरेलू हिंसा के आरोप भी लगाए थे। तलाक के बाद दोनों ने अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया, लेकिन बच्चों की परवरिश को लेकर हमेशा जिम्मेदार बने रहे।

यादों में जिंदा हैं संजय कपूर
संजय कपूर के निधन को भले ही एक साल हो गया हो, लेकिन उनके परिवार और करीबियों के लिए उनकी यादें आज भी ताजा हैं। करिश्मा कपूर की छोटी-सी पोस्ट ने यह साफ कर दिया कि रिश्ते बदल सकते हैं, लेकिन कुछ यादें और भावनाएं हमेशा दिल में बनी रहती हैं। "हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे"—इस एक लाइन में शायद वही एहसास छिपा है।

