जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं ये 2 भोग, प्रसन्न होंगे लड्डू गोपाल

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 02:13 PM (IST)

नारी डेस्क : जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने की परंपरा है। अगर आप भी सोच रहे हैं कि कान्हा को कौन-सा भोग लगाएं, तो माखन और चावल के आटे से बना मालपुआ भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय हैं। जानिए इन्हें घर पर बनाने का आसान तरीका। हर कृष्ण भक्त को जन्माष्टमी का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। घरों और मंदिरों में लड्डू गोपाल की पूजा की जाती है और उन्हें तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। भोग में भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री बेहद प्रिय माना जाता है। वहीं, वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज के अनुसार जन्माष्टमी के दिन कान्हा को माखन और चावल के आटे का मालपुआ भी भोग में अर्पित किया जा सकता है। मान्यता है कि श्रद्धा और भक्ति से अर्पित किया गया भोग भगवान को प्रसन्न करता है।

ये 2 भोग कान्हा को माने जाते हैं प्रिय

प्रेमानंद जी महाराज के बताए अनुसार जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को माखन और चावल के आटे से बने मालपुए का भोग लगाया जा सकता है। कान्हा के भोग के लिए इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं दोनों चीजों को बनाने का तरीका।

PunjabKesari

गाय के दूध की मलाई से ऐसे बनाएं ताजा माखन

कान्हा के भोग के लिए आप घर पर ताजा माखन तैयार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले गाय के दूध से बनी मलाई को एक साफ बर्तन में इकट्ठा करें। मलाई को ठंडा करने के बाद उसे लगातार फेंटें। कुछ समय बाद इसमें से मक्खन अलग होने लगेगा और पानी अलग दिखाई देने लगेगा। अब इसमें थोड़ा ठंडा पानी डालें और हाथों की मदद से मक्खन को अच्छी तरह अलग कर लें। तैयार माखन में स्वाद के लिए मिश्री मिलाई जा सकती है। इसके बाद इसे लड्डू गोपाल को भोग में अर्पित करें।

माखन बनाते समय रखें ध्यान

भोग के लिए बहुत पुरानी या खराब हो चुकी मलाई का इस्तेमाल न करें।
मलाई को हमेशा साफ और अलग बर्तन में रखें।
भोग तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
माखन में मिश्री अपनी पसंद के अनुसार मिलाएं।
चावल के आटे का मालपुआ बनाने की रेसिपी
जन्माष्टमी के भोग के लिए चावल के आटे का मालपुआ भी बनाया जा सकता है।

PunjabKesari

सामग्री
चावल का आटा – 1 कप
मैदा – 2 चम्मच
बेकिंग सोडा – ¼ चम्मच
गुनगुना दूध – 1 कप
इलायची पाउडर – ½ चम्मच
सौंफ – ½ चम्मच
देसी घी – तलने के लिए

चाशनी के लिए
चीनी – 1 कप
पानी – ½ कप
केसर और इलायची – वैकल्पिक

ऐसे बनाएं मालपुआ

1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में चावल का आटा, मैदा और बेकिंग सोडा डालें। इसमें धीरे-धीरे गुनगुना दूध मिलाते हुए घोल तैयार करें।
2. अब इसमें सौंफ और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। बैटर न तो बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला। इसे डोसे के बैटर जैसा रखा जा सकता है।
3. अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। इसे तब तक पकाएं जब तक एक तार की चाशनी तैयार न हो जाए। स्वाद के लिए इसमें इलायची या केसर भी डाल सकते हैं।
4. इसके बाद कड़ाही में देसी घी गर्म करें। तैयार बैटर को चम्मच की मदद से घी में डालकर गोल आकार दें। मालपुए को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें या तलें।
5. मालपुआ तैयार होने के तुरंत बाद इसे चाशनी में डाल दें। कुछ देर तक चाशनी में रहने दें, ताकि मालपुआ अच्छी तरह मीठा हो जाए।
6. अब आपका चावल के आटे का मालपुआ तैयार है। इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग में अर्पित कर सकते हैं।
7. चाशनी नहीं बनानी हो तो क्या करें?
8. अगर आप अलग से चाशनी नहीं बनाना चाहते हैं, तो बैटर में ही स्वाद के अनुसार चीनी मिला सकते हैं। इस तरह भी मालपुआ तैयार किया जा सकता है।

PunjabKesari

भोग में सबसे जरूरी है श्रद्धा

जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने की परंपरा में पकवान से ज्यादा महत्व श्रद्धा और भक्ति को दिया जाता है। आप अपनी सुविधा और उपलब्ध सामग्री के अनुसार भोग तैयार कर सकते हैं। भोग अर्पित करते समय साफ-सफाई और सात्विकता का ध्यान रखना भी जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static