टूटी हड्डियों के इलाज में क्रांति, अब यह Gel बिना फ्रैक्चर के जोड़ देगा टूटी हड्डी!
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 12:05 PM (IST)
नारी डेस्क: हड्डी टूटना सिर्फ दर्द ही नहीं, बल्कि लंबा इलाज और महीनों की रिकवरी भी साथ लाता है। लेकिन अब मेडिकल साइंस में एक ऐसी तकनीक आई है जो इस प्रक्रिया को पूरी तरह बदल सकती है यह है इंजेक्टेबल हाइड्रोजेल। विशेषज्ञ इसे हड्डी उपचार की दुनिया में “गेम चेंजर” मान रहे हैं। यह तकनीक अभी शोध और सीमित क्लीनिकल उपयोग के चरण में है। आने वाले समय में बड़े स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है
क्या है इंजेक्टेबल हाइड्रोजेल?
इंजेक्टेबल हाइड्रोजेल एक खास तरह का 3D पॉलीमर नेटवर्क होता है, जिसे टूटी हड्डी के अंदर सीधे इंजेक्ट किया जाता है।यह जेल शरीर के प्राकृतिक ऊतक (टिश्यू) की तरह व्यवहार करता है और हड्डी के आसपास एक सहायक ढांचा तैयार करता है सरल शब्दों में कहें तो जहां हड्डी टूटी, वहीं अंदर से नया सपोर्ट सिस्टम तैयार करता है।
इंजेक्टेबल हाइड्रोजेल इस तरह करता है काम
इसे हड्डी के टूटे हिस्से में इंजेक्ट किया जाता है, शरीर के तापमान पर यह जेल ठोस जैसा स्ट्रक्चर बना लेता है। यह प्राकृतिक बोन टिश्यू की नकल करता है। नई हड्डी कोशिकाओं (Bone Cells) को बढ़ने में मदद करता है यह संक्रमण से भी बचाव करता है।यानी यह सिर्फ खाली जगह भरता नहीं, बल्कि हड्डी को अंदर से फिर से बनाने की प्रक्रिया को तेज करता है। शोध में पाया गया है कि यह तकनीक नई हड्डी बनने की गति को बढ़ाती है, टूटे हिस्से को स्थिरता देती है, रिकवरी टाइम कम करती है, पारंपरिक प्लेट या स्क्रू की जरूरत को कम कर सकती है। विशेषज्ञों का दावा है कि यह उपचार हड्डियों को सामान्य उपचार की तुलना में कई गुना तेजी से जोड़ सकता है और मजबूती भी बढ़ा सकता है।
संक्रमण से भी सुरक्षा
हड्डी की सर्जरी में संक्रमण एक बड़ा खतरा होता है। इंजेक्टेबल हाइड्रोजेल में ऐसे तत्व मिलाए जा सकते हैं जो बैक्टीरिया को पनपने से रोकते हैं, घाव भरने की प्रक्रिया को सुरक्षित बनाते हैं। यानी यह सिर्फ जोड़ता नहीं, बल्कि बचाव भी करता है। बुजुर्ग जिनकी हड्डियां कमजोर होती हैं, ऑस्टियोपोरोसिस के मरीज, स्पोर्ट्स इंजरी वाले लोग गंभीर फ्रैक्चर के मामले में यह बेहद ही फायदेमंद है।
याद रखने वाली बात
टूटी हड्डी को सिर्फ जोड़ा नहीं जा रहा, बल्कि अंदर से दोबारा बनाया जा रहा है।अगर यह तकनीक बड़े पैमाने पर सफल होती है, तो हड्डी उपचार का तरीका पूरी तरह बदल सकता है कम दर्द, कम सर्जरी और तेज रिकवरी के साथ। स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी नई तकनीकों के बारे में जागरूक रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि भविष्य की चिकित्सा अब शरीर को सिर्फ ठीक नहीं, बल्कि पुनर्निर्मित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

