Operation Sindoor: ओवैसी ने की ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ, कहा – जय हिंद! आतंक नष्ट हो
punjabkesari.in Wednesday, May 07, 2025 - 11:24 AM (IST)

नारी डेस्क: भारतीय सेना ने 6-7 मई 2025 की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी।
किन ठिकानों पर हुआ हमला?
इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के बहावलपुर और मुरीदके में मौजूद आतंकी संगठनों के मुख्यालयों पर मिसाइल हमले किए। इन ठिकानों में बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय, मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय शामिल हैं। इसके अलावा PoK में स्थित अन्य आतंकी लॉन्च पैड्स और प्रशिक्षण केंद्रों को भी निशाना बनाया गया।
भारतीय सेना का आधिकारिक बयान
भारतीय रक्षा मंत्रालय ने रात 1:44 बजे एक आधिकारिक बयान में बताया, “थोड़ी देर पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित उन आतंकी ठिकानों पर हमला किया है,जहां से भारत के खिलाफ हमलों की योजना बनाई जाती थी। यह 'ऑपरेशन सिंदूर' का हिस्सा है।” भारत ने इस हमले को “नपी-तुली और सीमित” बताया और कहा कि यह सिर्फ आतंकी ठिकानों को खत्म करने के लिए था, ना कि किसी देश की सेना को उकसाने के लिए।
ये भी पढ़े: Operation Sindoor से पहले पाकिस्तान के खिलाफ कौन-कौन से ऑपरेशन कर चुका भारत? जानें पूरी लिस्ट
राजनीतिक प्रतिक्रिया: ओवैसी से लेकर राजनाथ तक
इस ऑपरेशन पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया और कहा,“मैं भारतीय सेनाओं द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए हमलों का स्वागत करता हूं। पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो। पाकिस्तान के आतंक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देना चाहिए। जय हिन्द!”
میں ہماری دفاعی افواج کی جانب سے پاکستان میں دہشت گرد ٹھکانوں پر کیے گئے ہدفی حملوں کا خیرمقدم کرتا ہوں۔ پاکستانی ڈیپ اسٹیٹ کو ایسا سبق سکھانا چاہیے کہ پھر کبھی دوسرا پہلگام نہ ہو۔ پاکستان کے دہشت گردی کے ڈھانچے کو تباہ کر دینا چاہیے۔ جے ہند!#OperationSindoor
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) May 7, 2025
उनसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ऑपरेशन का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर अपने बयान दिए।
पाकिस्तान की पुष्टि: पहली बार सीधे स्वीकारोक्ति
इस बार पाकिस्तानी सेना ने खुद इस हमले की पुष्टि की है। पाकिस्तानी सशस्त्र बल के प्रवक्ता ने BBC को दिए इंटरव्यू में बताया कि,“भारतीय वायुसेना ने बहावलपुर और मुरीदके को निशाना बनाया है।” पाकिस्तान की इस प्रतिक्रिया से यह साफ है कि हमला सटीक और प्रभावशाली रहा है।
भारत की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह हमला संयमित था, सीमित था किसी भी सैन्य संघर्ष को बढ़ाने के इरादे से नहीं किया गया लेकिन यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि आतंक के खिलाफ भारत अब कोई नरमी नहीं बरतेगा।