महाकाल भी जाऊंगी और अजमेर शरीफ भी', ट्रोलिंग को लेकर सारा अली खान का करारा जवाब
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 12:05 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ मंदिरों में दर्शन करने को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। वह कई बार केदारनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन करती नजर आई हैं। हालांकि, उनकी धार्मिक स्थलों पर जाने की आदत को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार सवाल भी उठाए जाते हैं। हाल ही में केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद सारा एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। उत्तर प्रदेश के इस्लामिक मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उनके मंदिर जाने पर फतवा जारी किया है। इस बीच सारा का साल 2023 का एक पुराना बयान भी चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने मंदिर जाने पर होने वाली ट्रोलिंग का खुलकर जवाब दिया था।
सारा अली खान के खिलाफ क्यों जारी हुआ फतवा?
दरअसल, रविवार 25 अक्टूबर को सारा अली खान केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। इस दौरान वह मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़ी नजर आईं। पूजा करने के बाद उन्होंने मंदिर के बाहर हाथ जोड़कर प्रार्थना भी की। उनकी इस यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। इसी बीच इस्लामिक मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा के मंदिर में पूजा करने पर आपत्ति जताई। एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि किसी दूसरे धर्म के रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ करना शरिया के तहत जायज नहीं है और इसे हराम माना जाता है। उन्होंने सारा से अल्लाह से माफी मांगने और अपने इस कदम पर पश्चाताप करने की बात भी कही। मौलाना ने अपने बयान में कहा कि कई युवाओं ने उनसे सवाल किया था कि क्या सारा अली खान का केदारनाथ मंदिर में पूजा करना शरिया के अनुसार सही है। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा करना जायज नहीं है।
#WATCH | Bareilly, Uttar Pradesh: All India Muslim Jamaat National President Maulana Shahabuddin Razvi Barelvi says, "I have received information, and many young Muslims have also asked me regarding actress Sara Ali Khan visiting the Kedarnath Temple and offering prayers. Is this permissible in light of Sharia, and does Sharia allow for such actions? Regarding this, I would like to clarify the perspective of Islamic Sharia and what its ruling is on this matter. For any Muslim, whether a man or a woman, to participate in the faith of another religion, offering prayers and performing religious rituals, is considered impermissible (najayaz) under Sharia. Such actions are not permitted... Therefore, if Sara Ali Khan performed these acts—visiting the Kedarnath Temple, offering prayers, and seeking blessings—of her own free will and volition, then she has committed a sin—an act that is haram..."
— ANI (@ANI) October 30, 2026
ये भी पढ़ें: करवाचौथ पर बॉलीवुड Divas का दिखा देसी अंदाज, किसी ने पहनी साड़ी तो किसी ने सजाई मेहंदी
मंदिर जाने पर ट्रोलिंग को सारा ने दिया था जवाब
यह पहली बार नहीं है जब सारा अली खान को मंदिरों में दर्शन करने को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले भी उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था। हालांकि, सारा ने कभी अपनी निजी आस्था को लेकर खुलकर बात करने से परहेज नहीं किया। साल 2023 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे मंदिर जाने और इस वजह से होने वाली ट्रोलिंग को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी थी।
सारा ने कहा था, "मैं अपने काम को बहुत गंभीरता से लेती हूं। मैं लोगों के लिए और आपके लिए काम करती हूं। अगर आपको मेरा काम पसंद नहीं आता, तो मुझे बुरा लगेगा, लेकिन मेरी अपनी निजी मान्यताएं हैं।" इसके बाद उन्होंने कहा था, "मैं उसी श्रद्धा के साथ अजमेर शरीफ जाऊंगी, जिस श्रद्धा के साथ बंगला साहिब या महाकाल जाऊंगी। मैं वहां जाना जारी रखूंगी। लोग जो चाहें कह सकते हैं, मुझे कोई दिक्कत नहीं है। आपको किसी जगह की एनर्जी पसंद आनी चाहिए। मैं ऊर्जा में विश्वास रखती हूं।" सारा का यह बयान अब एक बार फिर वायरल हो रहा है। उनके इस जवाब को लोग उनकी निजी आस्था और धार्मिक स्थलों के प्रति सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं।
फिल्मों में भी व्यस्त हैं सारा अली खान
वर्क फ्रंट की बात करें तो सारा अली खान हाल ही में आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'उड़ता तीर' में नजर आई हैं। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिल रही है। खबर के मुताबिक, रिलीज के सात दिनों में फिल्म 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। फिलहाल सारा अपनी फिल्म के साथ-साथ मंदिर दर्शन को लेकर भी सुर्खियों में बनी हुई हैं।

