खाने में हुई छोटी सी गलती, पति ने 5 महीने गर्भवती पत्नी को दी दर्दनाक सजा कि चली गई जान
punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 02:32 PM (IST)

नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक पति ने सब्जी में नमक कम होने को लेकर अपनी 5 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और उसे छत से नीचे फेंक दिया। महिला की गंभीर हालत देखकर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह दर्दनाक मामला ढोलना थाना क्षेत्र के नगला ढक गांव का है। बुधवार को पति रामशरण ने खाना खाने के दौरान सब्जी में नमक कम होने पर नाराज होकर अपनी पत्नी ब्रजमाला से मारपीट शुरू कर दी। उसने लात-घूसों से महिला की बुरी तरह पिटाई की। ब्रजमाला दर्द से चीखती रही, लेकिन पति ने उसकी एक न सुनी। बाद में रामशरण ने ब्रजमाला को छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में भर्ती और मौत
महिला की आवाज सुनकर उसकी सास वहां पहुंची और घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान ब्रजमाला ने दम तोड़ दिया। ब्रजमाला की उम्र 26 वर्ष थी। उसकी शादी 7 साल पहले रामशरण उर्फ रामू से हुई थी। दोनों का एक 3 साल का बेटा भी हैं। हत्या के बाद आरोपी पति रामशरण गांव के बाहर एक खाली मकान में छिप गया लेकिन गांव वालों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सब्जी में नमक को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, रामशरण को खाना ठीक नहीं लगा क्योंकि सब्जी में नमक कम था। इस बात को लेकर उसने गुस्से में आकर थाली फेंक दी और अपनी पत्नी से झगड़ा किया। ब्रजमाला के चचेरे भाई ने बताया कि रामशरण शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों पर अपनी पत्नी से मारपीट करता था।
ये भी पढ़े: क्या AI खिलौने बच्चों की कल्पनाशक्ति को बढ़ा रहे हैं या कर रहे हैं सीमित?
ब्रजमाला के परिवार ने रामशरण को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आखिरकार रामशरण की मारपीट ने न सिर्फ ब्रजमाला की जान ली बल्कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
मृत महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है।