क्या आपकी Eyebrow पहले जैसी मोटी नहीं रह गई? इन तरीकों से फिर से करें इन्हें घना
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 04:31 PM (IST)
नारी डेस्क : मोटी और घनी आईब्रो चेहरे की खूबसूरती को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। लेकिन बढ़ती उम्र, हार्मोनल बदलाव, तनाव और खराब लाइफस्टाइल के कारण कई लोगों की आईब्रो धीरे-धीरे पतली होने लगती है। जिस तरह सिर के बाल झड़ते हैं, उसी तरह आईब्रो के बाल भी गिरते हैं और अगर नए बाल तेजी से न उगें, तो आईब्रो पहले से पतली नजर आने लगती है। अगर आपकी आईब्रो भी पहले जैसी घनी नहीं रही है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू उपाय, सही पोषण और कुछ अच्छी आदतों की मदद से आईब्रो की ग्रोथ को बढ़ावा दिया जा सकता है।
क्यों झड़ने लगती है आईब्रो?
बढ़ती उम्र : उम्र बढ़ने के साथ हेयर फॉलिकल्स कमजोर होने लगते हैं, जिससे आईब्रो के बाल पतले और कम घने आने लगते हैं। महिलाओं में 40 की उम्र के बाद यह समस्या अधिक देखने को मिलती है।
हार्मोनल बदलाव: पीसीओडी, थायरॉयड, गर्भावस्था और मेनोपॉज के दौरान शरीर में हार्मोन का स्तर बदलता है, जिसका असर बालों और आईब्रो की ग्रोथ पर भी पड़ता है।

पोषण की कमी: शरीर में आयरन, जिंक, बायोटिन, विटामिन डी, विटामिन बी12 और प्रोटीन की कमी होने पर बाल कमजोर होने लगते हैं और आईब्रो झड़ने लगती है।
तनाव: लंबे समय तक तनाव या अत्यधिक शारीरिक थकान भी आईब्रो के पतले होने की वजह बन सकती है।
ज्यादा प्लकिंग: बार-बार आईब्रो बनवाने या जरूरत से ज्यादा प्लकिंग करने से हेयर फॉलिकल्स को नुकसान पहुंच सकता है और कई बार नए बाल आना भी बंद हो जाते हैं।
त्वचा संबंधी समस्याएं: एग्जिमा, सोरायसिस, फंगल इंफेक्शन और अन्य त्वचा रोग भी आईब्रो झड़ने का कारण बन सकते हैं।
यें भी पढ़ें : कंधे का दर्द नहीं है मामूली! 2 हफ्तों से ज्यादा रहे तो तुरंत कराएं जांच
मेकअप लगाकर सोना: आईब्रो पेंसिल या मेकअप हटाए बिना सोने से बालों की जड़ें बंद हो सकती हैं, जिससे वे कमजोर होकर झड़ने लगती हैं।
जरूरत से ज्यादा स्क्रबिंग: आईब्रो के आसपास ज्यादा स्क्रब करने से भी बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं।
इन उपायों से फिर से घनी हो सकती है आईब्रो
कैस्टर ऑयल (Castor oil)
कैस्टर ऑयल में मौजूद राइसिनोलिक एसिड और विटामिन ई हेयर फॉलिकल्स को पोषण देते हैं। रात में सोने से पहले कॉटन या साफ मस्कारा वैंड की मदद से इसे आईब्रो पर लगाएं और सुबह चेहरा धो लें। सप्ताह में 3 बार इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
एलोवेरा जेल (Aloe vera gel)
एलोवेरा में मौजूद एंजाइम और अमीनो एसिड बालों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। ताजा एलोवेरा जेल को 30 मिनट तक आईब्रो पर लगाकर रखें और फिर गुनगुने पानी से धो लें।

अंडे की जर्दी (Egg Yolk)
अंडे की जर्दी में प्रोटीन और बायोटिन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो बालों की ग्रोथ के लिए जरूरी हैं। इसे सप्ताह में एक बार आईब्रो पर मास्क की तरह लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें।
प्याज का रस
प्याज में मौजूद सल्फर कंपाउंड बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करता है। थोड़ा सा प्याज का रस निकालकर 20 मिनट तक आईब्रो पर लगाएं और फिर साफ पानी से धो लें। इसे सप्ताह में दो से तीन बार इस्तेमाल किया जा सकता है।
यें भी पढ़ें : लिवर खराब होने से पहले शरीर में दिखते हैं 4 संकेत, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
ऑलिव ऑयल
ऑलिव ऑयल में विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देते हैं। रोजाना रात को हल्के हाथों से आईब्रो की मसाज करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और बालों की ग्रोथ में मदद मिल सकती है।
इन प्रेशर पॉइंट्स से भी मिल सकता है फायदा
युयाओ पॉइंट: यह आईब्रो के बीच वाले हिस्से में होता है। इस जगह पर 30 सेकंड तक हल्का दबाव डालें और ऐसा 5 बार दोहराएं।
जैन जू पॉइंट: यह आईब्रो की शुरुआत में, नाक के पास स्थित होता है। यहां दबाव देने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है।
तैयांग पॉइंट: यह आईब्रो के आखिरी सिरे के पास, टेंपल एरिया में होता है। इस जगह पर एक मिनट तक गोल-गोल मसाज करने से रक्त प्रवाह बेहतर हो सकता है।

खानपान पर भी दें ध्यान
घनी और स्वस्थ आईब्रो के लिए सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं, बल्कि सही खानपान भी बेहद जरूरी है। शरीर में प्रोटीन, आयरन, जिंक, बायोटिन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन डी और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्वों की कमी होने पर बालों की ग्रोथ प्रभावित होने लगती है और आईब्रो पतली पड़ सकती है। इसलिए अपनी डाइट में अंडे, मेवे, हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, मछली, दूध और बीज जैसी पौष्टिक चीजों को शामिल करें। संतुलित आहार न सिर्फ आईब्रो के बालों को मजबूत बनाने में मदद करता है, बल्कि उनकी ग्रोथ को भी बेहतर बनाता है।
यें भी पढ़ें : पेड़ पर उगने वाली ‘जलेबी’! सिर्फ 2 महीने बाजार में दिखती है, सेहत के लिए वरदान
कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?
अगर आपकी आईब्रो अचानक तेजी से झड़ने लगे, उसमें पैच बनने लगें, खुजली या लालपन हो, या आईब्रो के साथ सिर के बाल भी तेजी से गिरने लगें, तो तुरंत डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें। आईब्रो का पतला होना हमेशा सिर्फ बढ़ती उम्र की निशानी नहीं होता, बल्कि यह हार्मोनल बदलाव, पोषण की कमी या किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। सही देखभाल, संतुलित आहार और कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आईब्रो की ग्रोथ को बेहतर बनाया जा सकता है और उन्हें फिर से घना और खूबसूरत बनाया जा सकता है।

