पाचन तंत्र से लेकर इम्यूनिटी मजबूत बनाएगा घी, ये फायदे भी कर देंगे हैरान

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2024 - 02:22 PM (IST)

रोटी पर लगाकर खाया जाने वाला घी स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। इसमें पाए जाने वाले गुण शरीर को फिट रखने में मदद करते हैं। घी में विटामिन-ए, डी, ई और घुलनशील विटामिन्स मौजूद होते हैं जो स्किन को हेल्दी आंखों और इम्यून सिस्टम को एक्टिव रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा घी में एंटीऑक्सीडेंट्स गुण भी पाए जाते हैं जो शरीर को फ्री रेडिकल्स के कारण होने वाले नुकसान और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाते हैं। तो चलिए आज आपको इस आर्टिकल के जरिए बताते हैं घी खाने के कुछ और स्वास्थ्य लाभ। 

पाचन तंत्र बनेगा मजबूत 

एक्सपर्ट्स की मानें तो घी का सेवन सीमित मात्रा में करना फायदेमंद होता है। जरुरत से ज्यादा इसका सेवन करने से शरीर को फायदे की जगह नुकसान हो सकता है। रोज सुबह 2 चम्मच घी को गुनगुने पानी में डालकर पीने से पाचन तंत्र मजबूत होगा। पाचन तंत्र मजबूत होने पर मेटाबॉल्जिम सही रहता है जिससे शरीर में मौजूद एक्स्ट्रा फैट निकलने में भी मदद मिलती है। नियमित तौर पर घी का सेवन करने से मोटापा कम होगा। 

इम्यूनिटी बनेगी मजबूत

घी में पाए जाने वाला विटामिन-ए और ब्यूटीरिक एसिड इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए डॉक्टर्स भी देसी घी खाने की सलाह देते हैं।

कमजोरी होगी दूर 

रोज एक गिलास दूध के साथ एक चम्मच घी मिलाकर पीने से शरीर को ताकत मिलती है। यदि आपका शरीर कमजोर है तो आप इसका सेवन आप कर सकते हैं। 

हड्डियां बनेगी मजबूत 

घी में विटामिन-के 2 पाया जाता है जो शरीर में कैल्शियम पहुंचाने में मदद करता है। घी का सेवन करने से हड्डियां मजबूत होती हैं। 

कब्ज होगी दूर 

यदि आपको कब्ज रहती है तो घी का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। घी का सेवन करने से पाचन स्वस्थ रहता है। रोज खाने से पहले 1 चम्मच देसी घी खाएं यह आपके पाचन तंत्र और शरीर को साफ करने में मदद करता है।  

आंखों की रोशनी होगी तेज 

सुबह 1 चम्मच खाली पेट और रात को सोने से पहले दूध के साथ 1 चम्मच घी का सेवन पिसी हुई शक्कर और काली मिर्च के साथ करें। इससे आपकी आंखों की रोशनी तेजी होने लगेगी। 


 

Content Writer

palak