सरकार ने शुरू किया 'नारी' पोर्टल, अब मिलेगी औरतों से जुड़ी हर योजना की जानकारी

punjabkesari.in Tuesday, Jan 02, 2018 - 03:45 PM (IST)

महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के बारे में शुरू से ही बातें होती रही हैं लेकिन कुछ औरतों को तो अपने अधिकारों के बारे में सही तरह से जानकारी भी नहीं होती। सरकार की तरफ से केन्द्र और राज्यों में महिलाओं के कल्याण के लिए लगभग 350 योजनाएं चल रही हैं। जिसके बारे में शायद बहुत से लोग जानते भी नहीं होंगे। आप भी इसी तरह की योजनाओं के बारे में जानना चाहते हैं तो आपको बता दें कि अब इसके बारे में जानना और इनका लाभ उठाना मुश्किल नहीं होगा। 
 

सरकार खास औरतों के लिए अब 'नारी' नाम का पोर्टल शुरू कर रही है। इस पोर्टल में महिलाओं की योजनाओं का हर जानकारी अपडेट होगी। इस पोर्टल का शुंभारंभ महिला बाल विकास मंत्री मेनका गांधी मंगलवार को करेंगी। इस पोर्टल को चलाने का मकसद महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करना है।
 

इससे महिलाओं को बहुत फायदा मिलेगा। उन्हें जानकारी मिल सकेगी कि राज्य सरकार की तरफ से औरतों को शिक्षा और आर्थिक मदद के लिए योजनाएं चलती हैं, परेशानी में फंसी महिलाओं की मदद के लिए 168 जिलों में वन स्टाप सेंटर स्थित हैं। जहां पर महिलाएं सुरक्षा प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच,नौकरी, महिला के नाम पर घर का पंजीकरण कराने में प्राथमिकताओं से जुड़ी जानकारियां, औरतों के निवेश और बचत के सुझाव,कानूनी मदद के लिए संपर्क नंबर भी आसानी से उपलब्ध होंगे। इस पोर्टल की सबसे खास बात यह होगी कि औरतों के अधिकारों की जगह-जगह पर फैली जानकारी एक ही पोर्टल में मिल जाएंगी। 
 

इसके अलावा नए पोर्टल में योजनाओं को अपडेट भी किया जा सकेगा। आप आसानी से इस पोर्टल के जरिए जानकारी से संबंधित मंत्रालय का लिंक भी आसानी से मिल सकेगा। 

Punjab Kesari