‘मुस्लिम से शादी करके भद्दी हो गई?’ ट्रोलिंग पर स्वरा का करारा जवाब- ‘कहा...
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 02:05 PM (IST)
नारी डेस्क: एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अक्सर अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। इस बार उन्होंने अपनी बॉडी और वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर खुलकर बात की है। एक्ट्रेस ने बताया कि बेटी के जन्म के बाद उनका वजन बढ़ा तो सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें तरह-तरह की बातें सुनाईं। इतना ही नहीं, कुछ ट्रोल्स ने उनके वजन को उनकी शादी से जोड़ते हुए यह तक कह दिया कि मुस्लिम शख्स से शादी करने के बाद वह ‘मोटी और भद्दी’ हो गई हैं।
‘मेरी जिंदगी आपकी आंखों के लिए नहीं चल रही’
जय मदान के पॉडकास्ट में स्वरा ने बॉडी शेमिंग को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी दूसरे के वजन की इतनी चिंता क्यों रहती है। स्वरा के मुताबिक, उनकी जिंदगी सोशल मीडिया यूजर्स की नजरों के हिसाब से नहीं चलती। ट्रोल्स को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी को सिर्फ ‘सेक्सी लड़कियां’ देखनी हैं तो वह उनके पेज पर आने के बजाय कोई दूसरा पेज देख सकता है। उनके मुताबिक, किसी को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि उन्हें कैसी दिखना चाहिए।
बेटी के जन्म के बाद बदलती है महिला की बॉडी
स्वरा ने बताया कि करीब ढाई साल पहले उन्होंने बच्चे को जन्म दिया और इसके बाद शरीर में बदलाव आना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं जिंदगी के अलग-अलग पड़ावों से गुजरती हैं और उनके शरीर में भी उसी के साथ बदलाव आते हैं। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक जवान दिखने का दबाव रहता है। बोटॉक्स, इंजेक्शन और प्लास्टिक सर्जरी जैसी चीजों के जरिए उम्र को छिपाने की कोशिश की जाती है, लेकिन असल जिंदगी में बदलाव होना बिल्कुल सामान्य है। उनका कहना था कि जिंदगी का मतलब ही बदलाव है और हर उम्र में इंसान से एक जैसा दिखने या व्यवहार करने की उम्मीद करना सही नहीं है।
‘मुस्लिम से शादी करके मोटी हो गई’
स्वरा ने इस बातचीत में ट्रोलिंग से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि पति फहाद अहमद के साथ चुनाव प्रचार के दौरान वह काफी व्यस्त थीं। इसी दौरान उनकी टीम ने बिना मेकअप वाली उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इस तस्वीर को लेकर उन्हें काफी ट्रोल किया गया। कुछ लोगों ने उनकी पुरानी तस्वीरों से तुलना करते हुए कमेंट किया कि मुस्लिम से शादी करने के बाद वह मोटी और भद्दी हो गई हैं। स्वरा ने बताया कि इस तरह की टिप्पणियों से फहाद भी परेशान हो गए थे।
ये भी पढ़ें: क्या वो आपके सामने घुटने टेकें?’ जाह्नवी कपूर के फैन पेज बैन करने की मांग पर कोर्ट ने उठाया सवाल
‘अब वजन कम नहीं करूंगी’
बॉडी शेमिंग पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए स्वरा ने कहा कि वह अब अपने वजन को लेकर किसी के दबाव में नहीं आने वाली हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में खुद को ‘हैप्पी हिप्पो’ बताते हुए कहा कि वह जैसी हैं, वैसी ही खुश रहना चाहती हैं। उनकी बातों से साफ था कि अब वह सोशल मीडिया पर लोगों की पसंद के मुताबिक अपने शरीर को बदलने के दबाव में नहीं आना चाहतीं।
महिलाओं पर अच्छा दिखने का दबाव क्यों?
स्वरा ने महिलाओं पर पड़ने वाले ‘अच्छा दिखने’ के दबाव पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि हर तरह के पब्लिक-फेसिंग काम में महिलाओं से उनके लुक को लेकर ज्यादा उम्मीदें की जाती हैं। उन्होंने खास तौर पर मां बनने के बाद महिलाओं पर पड़ने वाले दबाव की बात की। उनके मुताबिक, बच्चे को जन्म देने के बाद महिला पहले ही कई शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजर रही होती है। ऐसे में उस पर तुरंत वजन कम करने और पहले जैसा दिखने का दबाव डालना ठीक नहीं है। स्वरा ने यह भी कहा कि अगर कोई महिला बच्चे को स्तनपान करा रही है तो उसके शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और कैलोरी की जरूरत होती है। उन्होंने माना कि इस दौरान उन्हें परिवार का पूरा सपोर्ट मिला और सही जानकारी होने की वजह से वह इस दौर को बेहतर तरीके से समझ पाईं।

2023 में फहाद अहमद से की थी शादी
स्वरा भास्कर ने 16 फरवरी 2023 को समाजवादी पार्टी के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता फहाद अहमद से स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ महीनों बाद सितंबर 2023 में दोनों बेटी राबिया के माता-पिता बने। शादी के बाद स्वरा को अंतरधार्मिक विवाह को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है। अब उन्होंने अपनी बॉडी और वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी खुलकर जवाब दिया है।
आखिरी बार पति के साथ इस शो में आई थीं नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा भास्कर को आखिरी बार टीवी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में पति फहाद अहमद के साथ देखा गया था। फिलहाल उन्होंने अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

