सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर! एक सप्ताह में आई इतनी बड़ी गिरावट
punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 02:04 PM (IST)
नारी डेस्क : सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। कभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाली इन कीमती धातुओं के भाव में पिछले एक हफ्ते के दौरान बड़ी टूट दर्ज की गई है। घरेलू वायदा बाजार में सोना करीब 15 हजार रुपये और चांदी लगभग 28,500 रुपये सस्ती हो गई है। इस गिरावट के बाद निवेशकों और सोना-चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों की नजरें बाजार पर टिकी हुई हैं। वहीं, एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में भी कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
सोने की कीमत में 15 हजार रुपये से ज्यादा की गिरावट
घरेलू वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर पिछले सप्ताह सोने की कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 14,927 रुपये यानी करीब 11 फीसदी टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। यह एक साल से ज्यादा समय का निचला स्तर बताया जा रहा है।इससे पहले 30 अक्टूबर 2025 को सोने का भाव करीब 1,21,508 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास देखा गया था। लगातार गिरते भाव ने बाजार में निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

चांदी में 28,500 रुपये की बड़ी गिरावट
सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में और भी ज्यादा गिरावट देखने को मिली। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी पिछले सप्ताह 28,496 रुपये यानी करीब 16.2 फीसदी टूट गई। इस गिरावट के बाद चांदी का भाव भी एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले 3 नवंबर 2025 को चांदी की कीमत करीब 1,47,758 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर थी। लगातार गिरावट के कारण चांदी के निवेशकों को भी बड़ा झटका लगा है।
यें भी पढ़ें : थायराइड में सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ता, शरीर में होती हैं ये 7 बड़ी परेशानियां
क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कई बड़े कारण हैं। इनमें निवेशकों की मुनाफावसूली, भारतीय रुपये की मजबूती और अमेरिकी आर्थिक नीतियों को लेकर बनी अनिश्चितता शामिल है। एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी के अनुसार, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेशकों की ओर से बड़े स्तर पर मुनाफावसूली की गई है। इससे दोनों कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा, भारतीय रुपये में मजबूती आने से विदेशों से सोना आयात करना अपेक्षाकृत सस्ता हो जाता है। इसका असर घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर भी पड़ता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फीकी पड़ी सोने-चांदी की चमक
विदेशी बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स (COMEX) में पिछले सप्ताह सोने का भाव 370.9 डॉलर यानी करीब 9.5 फीसदी गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, चांदी की कीमत 8.05 डॉलर यानी करीब 16.4 फीसदी टूटकर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस गिरावट का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।
यें भी पढ़ें : लिवर खराब होने से पहले शरीर में दिखते हैं 4 संकेत, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
क्या अभी और सस्ता होगा सोना-चांदी?
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी और करेंसी) प्रणव मेर के मुताबिक, फिलहाल सोने और चांदी का रुझान कमजोर बना हुआ है। बाजार के निवेशक अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में कीमतों में आगे भी गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस सप्ताह अमेरिका के मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के शुरुआती PMI आंकड़ों के अलावा GDP ग्रोथ, हाउसिंग सेक्टर और टिकाऊ सामानों के ऑर्डर से जुड़े आंकड़ों पर भी बाजार की नजर रहेगी। अमेरिकी महंगाई के आंकड़े भी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़ी उम्मीदों को प्रभावित कर सकते हैं। सोने और चांदी की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट के बावजूद जल्दबाजी में निवेश का फैसला लेना ठीक नहीं होगा। बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेश करने से पहले मौजूदा भाव, जोखिम और अपनी आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखना जरूरी है।

