इस साल फरवरी में बन रहा ''‘Perfect Calendar'', हफ्ते के सभी दिन होंगे चार-चार बार
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 12:58 PM (IST)
नारी डेस्क: फरवरी 2026 का महीना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका है। इसे लोग 'परफेक्ट फरवरी' कह रहे हैं क्योंकि इस महीने हफ्ते के सभी सातों दिन (रविवार से शनिवार) चार-चार बार आएंगे। कई वायरल पोस्ट में इसे 823 साल में एक बार होने वाला दुर्लभ संयोग बताया गया है, लेकिन असल में यह उतना दुर्लभ नहीं है।
परफेक्ट 4-हफ्ते वाला महीना
2026 लीप ईयर नहीं है, इसलिए फरवरी में कुल 28 दिन होंगे। गणितीय रूप से 28 दिन ठीक 4 हफ्तों के बराबर होते हैं क्योंकि 28 ÷ 7 = 4। यही वजह है कि इस महीने का हर दिन पूरे 4 बार कैलेंडर पर दिखाई देगा। इसे देखकर कैलेंडर पर महीना बहुत ही संतुलित और व्यवस्थित लगता है। इस बार फरवरी 1 फरवरी, रविवार से शुरू हो रहा है और 28 फरवरी, शनिवार को समाप्त होगा। इस शुरुआत और अंत के कारण, हफ्ते का हर दिन महीने में ठीक 4 बार आएगा। यही कारण है कि इसे 'परफेक्ट फरवरी' कहा जा रहा है।
क्या यह वास्तव में दुर्लभ है?
सोशल मीडिया पर इसे 823 साल में एक बार होने वाला संयोग बताया जा रहा है, लेकिन असल में यह सामान्य गणितीय स्थिति है। ऐसा तब होता है जब फरवरी महीने में 28 दिन हों। महीना रविवार से शुरू हो। पिछली बार यह 2015 में हुआ था और अगली बार 2037 और फिर 2043 में ऐसा दोबारा देखा जाएगा। गणितीय रूप से इस तरह का 'परफेक्ट कैलेंडर' हर 6 या 11 साल के अंतराल पर बनता है। यह एक सुखद संयोग है, जिसे देखकर कैलेंडर देखने वाले को संतुलन और पूर्णता का अनुभव होता है।

फरवरी 2026 का महीना इसलिए खास है क्योंकि इसका कैलेंडर बहुत ही व्यवस्थित और संतुलित दिख रहा है। हालांकि यह 823 साल में एक बार होने वाला चमत्कार नहीं है, फिर भी कैलेंडर प्रेमियों और गणित में रुचि रखने वालों के लिए यह एक रोचक और आनंददायक घटना है।

