इकलौते बेटे की मौत के बाद पिता ने शव के साथ उसकी बाइक को भी दफनाया, वजह जान हर आंख हुई नम
punjabkesari.in Wednesday, Jun 11, 2025 - 03:47 PM (IST)

नारी डेस्क: गुजरात के नडियाद के पास स्थित उत्तर्संडा गांव में एक दिल को छू लेने वाली और अनोखी घटना सामने आई है। 18 वर्षीय क्रिश परमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। लेकिन उसके परिवार ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। क्रिश की अंतिम विदाई में उसे उसकी सबसे प्रिय चीज उसकी बाइक के साथ दफनाया गया। क्रिश परमार, संजयभाई सुलेमानभाई परमार का इकलौता बेटा था। उसने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और आगे BCA की पढ़ाई करने की योजना बना रहा था। उसके परिवार में उसका भविष्य लेकर बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
26 मई को हुआ दर्दनाक हादसा
26 मई को क्रिश अपने कॉलेज में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आणंद गया था। रजिस्ट्रेशन पूरा करके वह अपनी बाइक से वापस लौट रहा था। तभी रात करीब 8 बजे उसकी बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि क्रिश को गंभीर सिर और शरीर में चोटें आईं।
अस्पताल में 12 दिन तक मौत से लड़ता रहा क्रिश
हादसे के तुरंत बाद क्रिश को लांभवेल रोड स्थित मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की। मगर लगातार 12 दिन तक जीवन और मौत के बीच जूझने के बाद, आखिरकार शनिवार सुबह क्रिश ने दम तोड़ दिया। उसके निधन से पूरा परिवार सदमे में डूब गया।
बाइक के साथ दफनाने का लिया गया फैसला
इस गम के बीच भी परिवार ने क्रिश की अंतिम इच्छा और उसके जुनून का सम्मान किया। क्रिश को बाइक चलाने का बेहद शौक था। उसके पिता ने बताया कि हमारे पास कार भी थी लेकिन क्रिश हमेशा बाइक से ही जाना पसंद करता था। उसकी इस दीवानगी को देखते हुए परिवार ने उसकी अंतिम यात्रा में उसकी बाइक को भी शामिल किया।
ये भी पढ़े: पापा बोले मजदूरी करो, बेटा NEET क्रैक करके बन गया डॉक्टर
कब्र में रखे गए क्रिश के कपड़े, चश्मा, जूते और बाइक
अंतिम संस्कार के दौरान क्रिश के कपड़े, उसके चश्मे और जूते को भी उसके साथ दफनाया गया। सबसे भावुक क्षण तब आया जब उसकी प्रिय बाइक को भी उसकी कब्र में रखा गया। इस अद्भुत और भावुक विदाई को देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
गांववालों और रिश्तेदारों ने भी इस अनोखे फैसले को दिल से सराहा। सभी ने इस अद्भुत विदाई को बेहद भावुक बताया। कई लोगों ने कहा कि क्रिश के परिवार ने उसकी अंतिम पसंद का जो सम्मान किया, वह सचमुच मिसाल है।