'ये रिश्ता...' फेम आशीष कपूर पर बड़ा आरोप, दिल्ली पुलिस ने किया अरेस्ट, गंभीर आरोपों में फंसे एक्टर

punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 09:42 AM (IST)

नारी डेस्क: दिल्ली पुलिस ने मशहूर टेलीविजन अभिनेता आशीष कपूर को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप है। आइए पूरे मामले को समझें ... अगस्त महीने की शुरुआत में दिल्ली में एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि एक हाउस पार्टी के दौरान अभिनेता आशीष कपूर ने उसका यौन उत्पीड़न किया था। इस केस के बाद से आशीष कपूर पुलिस को चकमा दे रहे थे। पुलिस उन्हें अलग-अलग जगहों पर ढूंढ रही थी। आखिरकार दिल्ली पुलिस ने बुधवार को पुणे में आशीष कपूर को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी (उत्तर) राजा बंथिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

पीड़िता ने बदला अपना बयान

दिलचस्प बात यह है कि पीड़िता महिला ने अपने बयान में बदलाव किया। पहले 11 अगस्त को दिए बयान में उसने आरोप लगाया था कि पार्टी के मेजबान आशीष कपूर ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका यौन शोषण किया और एक अन्य महिला ने उसे पीटा।

लेकिन बाद में 18 अगस्त को पीड़िता ने अपना बयान बदल दिया। अब उसने कहा कि केवल आशीष कपूर ने ही उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमले का वीडियो भी बनाया गया था, लेकिन पुलिस ने बताया कि अभी तक ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला है।

पुलिस की जांच में क्या सामने आया?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक

इस मामले की जांच अभी जारी है। अभी तक इस मामले में कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है। पीड़ित महिला आशीष कपूर को पहले से जानती थी। दोनों इंस्टाग्राम पर जुड़े हुए थे। आशीष कपूर ने ही महिला को अपने दोस्त के घर पार्टी में बुलाया था। 11 अगस्त को आशीष कपूर, उनके दोस्त, दोस्त की पत्नी और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

अब तक की कानूनी कार्रवाई

आशीष कपूर के दोस्त को पहले ही 21 अगस्त को खुद और अपनी पत्नी की अग्रिम जमानत मिल गई थी। गवाहों के मुताबिक, पार्टी के दौरान आशीष कपूर अपनी एक दोस्त महिला के साथ बाथरूम में गए थे। जब वे काफी देर तक बाहर नहीं आए तो दूसरे मेहमानों ने दरवाजा खटखटाया था।

अब पुलिस आशीष कपूर से पूछताछ करेगी और मामले की आगे की जांच करेगी। उन्हें जल्द ही दिल्ली लाया जाएगा जहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
 

 
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static