दिल को रखना है मजबूत तो रोज खाएं ये 6 दालें, सेहत को मिलेंगे जबरदस्त फायदा
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 11:52 AM (IST)
नारी डेस्क : आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में दिल की सेहत को नज़रअंदाज़ करना भारी पड़ सकता है। गलत खानपान, जंक फूड की बढ़ती आदत, लगातार तनाव और अनियमित दिनचर्या हृदय रोगों के खतरे को तेजी से बढ़ा रही है। कम उम्र में ही हार्ट से जुड़ी समस्याएं सामने आना अब आम होता जा रहा है। ऐसे में आयुर्वेद संतुलित आहार और प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को दिल की सेहत को मजबूत रखने का सबसे सुरक्षित और असरदार उपाय मानता है।
क्यों बढ़ रहे हैं कम उम्र में दिल के रोग?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बिगड़े लाइफस्टाइल के कारण लोग कम उम्र में ही मधुमेह, थायराइड और हृदय रोग जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। लगातार तनाव, काम का दबाव और पर्याप्त नींद न मिलना दिल और दिमाग दोनों पर नकारात्मक असर डालता है। हर साल दिल की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जहां एक ओर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं आयुर्वेद मानता है कि कई बीमारियों से बचाव का उपाय हमारी रसोई में ही मौजूद है।

आयुर्वेद क्या कहता है दिल की सेहत पर?
आयुर्वेद के अनुसार हृदय रोगों का मुख्य कारण शरीर में जमा विषाक्त तत्व (टॉक्सिन्स) और मानसिक तनाव है। अधिक मीठा, तला-भुना, पैक्ड और प्रोसेस्ड फूड दिल की सेहत को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में दालें और फलियां शरीर को शुद्ध करने और हृदय को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
यें भी पढ़ें : डायबिटीज वालों के लिए चमत्कारी पत्ता, जितना खाओ उतना कंट्रोल में रहेगी शुगर
दिल के लिए क्यों जरूरी हैं दालें?
दालें और फलियां घुलनशील फाइबर से भरपूर होती हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद करती हैं। जब शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है तो रक्त वाहिकाओं पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे दिल को खून पंप करने में परेशानी होती है। इसके कारण सांस फूलना, घबराहट और दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है। इसके अलावा दालों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है।

हृदय के लिए सबसे फायदेमंद 6 दालें
आयुर्वेद और पोषण विशेषज्ञों के अनुसार ये दालें दिल को स्वस्थ रखने में बेहद लाभकारी हैं।
मसूर दाल: कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक
मूंग दाल: हल्की, आसानी से पचने वाली और दिल के लिए उत्तम
राजमा: फाइबर और प्रोटीन से भरपूर
चना: ब्लड शुगर कंट्रोल में मददगार
लोबिया: हृदय और पाचन दोनों के लिए फायदेमंद
मोठ की दाल: एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर।
यें भी पढ़ें : 2 हफ्ते से ज्यादा रहने वाले छाले हो सकते हैं खतरनाक, जानिए कारण
बेहतर दिल की सेहत के लिए क्या खाएं?
दिल को लंबे समय तक जवान रखने के लिए दालों के साथ-साथ आहार में हरी सब्जियां, सलाद, सूप और ब्राउन राइस को जरूर शामिल करें। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं।

अगर आप चाहते हैं कि आपका दिल लंबे समय तक स्वस्थ और मजबूत रहे, तो दालों को अपनी रोज़मर्रा की थाली का हिस्सा बनाएं। छोटी-छोटी खानपान की आदतें बड़े रोगों से बचाव में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

