आंखों में क्या देखते हैं डॉक्टर? कैंसर से डायबिटीज तक कर इन बीमारियों का साफ संकेत देती हैं आपकी आंखें
punjabkesari.in Tuesday, Jun 10, 2025 - 12:21 PM (IST)

नारी डेस्क: जब कोई बीमार व्यक्ति डॉक्टर के पास जाता है तो डॉक्टर नब्ज़ के साथ-साथ उसकी आंखों की भी जांच करते हैं। आपने कभी सोचा है कि डॉक्टर आंखों में देखकर क्या-क्या पता लगाते हैं? क्या आंखों में बीमारी दिख सकती है? दरअसल, डॉक्टर आपकी आंखों को देखकर आपकी सेहत से जुड़ी कई बातें जान सकते हैं। शरीर की कई बीमारियों के लक्षण आंखों में भी नजर आ सकते हैं।
डॉक्टर बताते हैं कि आंखों के अंदर देखना एक अद्भुत अनुभव होता है। यही शरीर की एकमात्र जगह है जहां हम खून की नसों को सीधे देख सकते हैं। साथ ही आंखों में ब्रेन का हिस्सा ऑप्टिक नर्व भी दिखाई देता है। इसलिए आंखों की जांच से शरीर की कई बीमारियों का पता चल सकता है।
आंखों की जांच से कैसे पता चलती है बड़ी बीमारियां?
एक रिसर्च में वीएसपी विज़न केयर कंपनी ने 1.2 लाख मरीजों का डेटा देखा। इस शोध में पता चला कि 34% लोगों को डायबिटीज का पहला संकेत आंखों की जांच से मिला। 39% लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की पहचान आंखों से हुई और 62% को हाई कोलेस्ट्रॉल की पहली सूचना भी आंखों की वजह से मिली। आइए जानते हैं आंखों से मिलने वाले 9 ऐसे संकेत जो बड़ी बीमारियों की ओर इशारा करते हैं।
आंखों में लाल धब्बे या खून के छोटे-छोटे दाग
अगर आपकी आंखों में अचानक लाल धब्बे या खून के छोटे-छोटे दाग दिखे, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है। शरीर में शुगर का लेवल बढ़ जाने पर आंखों की नाज़ुक नसें फट सकती हैं और खून बह सकता है। अगर इसे समय रहते ठीक न किया जाए, तो इससे अंधापन भी हो सकता है।
लाल आंखें, खुजली और सूजन
लाल आंखें, खुजली और सूजन के कई कारण हो सकते हैं। यह पिंक आई (कंजक्टिवाइटिस), फंगल इंफेक्शन, या एलर्जी की वजह से हो सकता है। जैसे धूल, पराग, या पालतू जानवरों से एलर्जी हो सकती है। ऐसी स्थिति में एंटीहिस्टामिन वाले आई ड्रॉप्स मदद कर सकते हैं।
ये भी पढ़े: ये 7 संकेत करते हैं Cancer की ओर इशारा, समय रहते पहचानें
आंखों का सूखापन
आजकल लोग मोबाइल और लैपटॉप बहुत ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, जिसकी वजह से आंखें सूख जाती हैं। नींद की गोली या एंग्जायटी की दवाएं भी आंखों को सूखा सकती हैं। इसके अलावा कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां जैसे स्जोग्रेन सिंड्रोम, जो खासकर बड़ी उम्र की महिलाओं में होती है, भी सूखेपन का कारण हो सकती हैं।
पास की चीजें धुंधली या साफ न दिखना
यह समस्या उम्र बढ़ने पर सामान्य होती है, जिसे प्रेसबायोपिया कहा जाता है। कुछ दवाएं जैसे एंटीहिस्टामिन, डाइयूरेटिक्स या एंटीडिप्रेसेंट भी इसे जल्दी पैदा कर सकती हैं। अगर आपको पहले से हाई ब्लड प्रेशर है और अचानक धुंधलापन आने लगे, तो यह रेटिना डिटैचमेंट या हाई ब्लड प्रेशर का असर हो सकता है, ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
अचानक रोशनी की चमक या धब्बे दिखना, सफेद रिंग या पीले धब्बे
अगर आंखों के सामने अचानक चमक या धब्बे दिखे, तो यह रेटिना फटने का लक्षण हो सकता है। साथ ही अगर दृष्टि का साइड हिस्सा दिखना बंद हो जाए, तो यह रेटिना डिटैचमेंट हो सकता है, जो तुरंत इलाज मांगता है। आंखों के चारों ओर सफेद रिंग या पलकों पर पीले धब्बे हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत होते हैं। खासकर बड़ी उम्र के लोगों में यह आम है, लेकिन ऐसे में ब्लड टेस्ट कराना जरूरी है।
ये भी पढ़े: Heart Attack से पहले पैरों में दिखते हैं ये चेतावनी संकेत, नजरअंदाज न करें
आंखों से कैंसर का पता भी चलता है
आंख का कैंसर (Ocular melanoma) आमतौर पर आईने में नहीं दिखता। अगर आंखों में दर्द हो या प्रेशर बढ़े और कोई और वजह न मिले, तो डॉक्टर ब्रेन ट्यूमर की भी जांच कर सकते हैं। इसलिए आंखों की समय-समय पर जांच कराना बहुत जरूरी है।
आंखें सिर्फ देखने का जरिया नहीं, सेहत की पहचान भी हैं
डॉक्टरों की सलाह है कि हमें अपनी आंखों की नियमित जांच करानी चाहिए। आंखें हमारे शरीर की कई बड़ी बीमारियों का शुरुआती संकेत देती हैं। इसलिए अगर आंखों में कोई भी असामान्यता नजर आए तो उसे नजरअंदाज न करें और जल्दी से डॉक्टर से जांच कराएं।