गर्भनिरोधक गोलियां खाने वाली औरतों को सच में हो रही है ये बड़ी समस्या! जानिए सच्चाई
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 03:53 PM (IST)

नारी डेस्क : महिलाएं अपनी सुरक्षा के लिए लंबे समय से गर्भनिरोधक दवाइयों का उपयोग करती आ रही हैं। लेकिन इन गोलियों को लेकर हमेशा से सवाल उठते रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि ये गर्भनिरोधक गोलियां वजन बढ़ाती हैं और शारीरिक संबंध बनाने की क्षमता को कम कर देती हैं, तो कुछ का तर्क है कि इनसे रिश्तों में दूरी और तनाव बढ़ता है।
गर्भनिरोधक गोलिया क्या होती हैं?
गर्भनिरोधक गोलिया (Birth Control Pills) ऐसी दवाएं होती हैं जिन्हें महिलाएं अनचाहे गर्भ से बचाव के लिए लेती हैं। इन गोलियों में दो प्रमुख हार्मोन होते हैं। एस्ट्रोजन (Estrogen) और प्रोजेस्टिन (Progestin)। ये हार्मोन मिलकर महिला के मासिक चक्र को इस तरह नियंत्रित करते हैं कि अंडाणु का निर्माण या रिलीज न हो सके। इसके अलावा ये गर्भाशय ग्रीवा के म्यूकस (Cervical Mucus) को गाढ़ा बना देते हैं, जिससे शुक्राणु अंडाणु तक नहीं पहुंच पाते। इस तरह गर्भधारण की संभावना बहुत कम हो जाती है।
क्या गर्भनिरोधक गोलियां वजन बढ़ाती हैं?
वैज्ञानिक शोधों के अनुसार, अब तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है कि गर्भनिरोधक गोलियां सीधे तौर पर वजन बढ़ाती हैं। हालांकि, कुछ महिलाओं को इनका सेवन शुरू करने के शुरुआती दिनों में हल्की सूजन (Bloating) या शरीर में पानी रुकने (Water Retention) की समस्या महसूस हो सकती है। इससे ऐसा लगता है मानो वजन बढ़ रहा हो, जबकि वास्तव में यह केवल अस्थायी परिवर्तन होता है। कुछ समय बाद शरीर इन हार्मोनल बदलावों के अनुरूप ढल जाता है और वजन फिर से सामान्य स्तर पर लौट आता है।
यें भी पढ़ें : केवल चर्बी नहीं 'ब्राउन फैट': वजन घटाने में कैसे करता है मदद, डॉक्टर ने किया खुलासा
अन्य कारण जिनसे वजन बढ़ सकता है
अक्सर महिलाएं वजन बढ़ने का कारण गर्भनिरोधक गोलियों को मान लेती हैं, जबकि कई बार इसके पीछे अन्य कारण ज़िम्मेदार होते हैं। हार्मोनल बदलाव, उम्र बढ़ने के साथ मेटाबॉलिज़्म का धीमा होना, गलत खान-पान की आदतें और शारीरिक गतिविधि की कमी जैसी बातें शरीर के वजन पर सीधा असर डालती हैं। जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव, जैसे कम नींद लेना, तनाव बढ़ना या अनियमित दिनचर्या भी वजन बढ़ाने में भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए हर बार वजन बढ़ने के लिए गर्भनिरोधक गोलियों को दोष देना सही नहीं होता।
विशेषज्ञों की राय
चिकित्सकों और विशेषज्ञों की मानें तो गर्भनिरोधक गोलियां ज्यादातर महिलाओं में वजन बढ़ाने का कारण नहीं बनतीं। हालांकि, हर महिला का शरीर और हार्मोनल संतुलन अलग होता है, इसलिए कुछ मामलों में हल्का वजन बढ़ना संभव है। यह आमतौर पर शरीर में होने वाले अस्थायी हार्मोनल बदलावों की वजह से होता है और कुछ समय बाद अपने आप संतुलित हो जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल किया जाए, तो इन गोलियों का वजन पर कोई खास असर नहीं पड़ता।
गर्भवती महिलाएं क्या करें
गोलियों का सेवन डॉक्टर की सलाह से ही करें।
संतुलित आहार और नियमित व्यायाम करें।
यदि वजन बढ़ने की समस्या लगातार बनी रहे, तो डॉक्टर से दूसरी दवाओं के विकल्प पर बात करें।
गर्भनिरोधक गोलियों से वजन बढ़ना एक मिथक है। अधिकतर महिलाओं में यह गोलियां वजन पर स्थायी असर नहीं डालतीं। यदि आपको कोई दिक्कत महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से राय लें।