थोड़ा दर्द है, लेकिन दीपिका कक्कड़ की सर्जरी सफल हुई,शोएब इब्राहिम ने दिया हेल्थ अपडेट
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 10:15 AM (IST)
नारी डेस्क: टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से गुजर रही थीं। हाल ही में उनके पेट में सिस्ट (गांठ) पाई गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस काफी चिंतित हो गए थे। अब राहत की बात यह है कि दीपिका की सर्जरी सफल रही है। उनके पति और टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह खुशखबरी दी।
शोएब ने क्या कहा?
शोएब ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि “अल्लाह की कृपा से और आप सबकी दुआओं से दीपिका का ऑपरेशन अच्छे से हो गया है। सब कुछ ठीक रहा। वह अब ठीक हैं, बस थोड़ा दर्द है। चिंता की कोई बात नहीं है। आप सभी की दुआओं के लिए दिल से शुक्रिया।” शोएब का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी राहत महसूस कर रहे हैं।

यूट्यूब व्लॉग में दी पूरी जानकारी
इंस्टाग्राम के अलावा शोएब ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक व्लॉग भी शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने सर्जरी से पहले और बाद की पूरी स्थिति बताई। वीडियो में सर्जरी से पहले शोएब थोड़े चिंतित नजर आए, लेकिन ऑपरेशन सफल होने के बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने बताया कि अब दीपिका की तबीयत पहले से बेहतर है और वह रिकवरी कर रही हैं।

ये भी पढ़ें: श्रीदेवी की मौत कैसे हुई थी? क्रैश डाइट या एक्सीडेंट, पति बोनी कपूर ने खोला राज़
सादगी से मनाई शादी की सालगिरह
सर्जरी से ठीक पहले दीपिका और शोएब ने अपनी शादी की सालगिरह सादगी से मनाई। शोएब ने व्लॉग में बताया कि दोनों ने साथ में रोजा रखा और साथ ही रोजा खोला। दोनों ने मिलकर घर पर खाना बनाया और एक-दूसरे को सालगिरह की शुभकामनाएं दीं। इसके अगले दिन वे अस्पताल के लिए रवाना हो गए थे, जहां दीपिका की सर्जरी होनी थी।

अब कैसी है तबीयत?
फिलहाल दीपिका की हालत स्थिर है। उन्हें थोड़ा दर्द है, जो सर्जरी के बाद सामान्य माना जाता है। डॉक्टरों की देखरेख में वह आराम कर रही हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं। फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

