मैं चाहकर भी रुहान के साथ नहीं रह सकती'', कैंसर से जंग के बीच Dipika Kakar ने बेटे को लेकर शेयर किया दर्द

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 03:40 PM (IST)

नारी डेस्क : टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों कैंसर के इलाज से गुजर रही हैं। वह अपने व्लॉग्स के जरिए लगातार फैंस को अपनी हेल्थ से जुड़ी जानकारी देती रहती हैं। हाल ही में एक नए व्लॉग में दीपिका ने अपनी इम्यूनोथेरेपी के दूसरे सेशन की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने अपने तीन साल के बेटे रुहान का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी बीमारी का असर अब बच्चे पर भी भावनात्मक रूप से पड़ने लगा है। अपनी बात कहते हुए एक्ट्रेस काफी भावुक नजर आईं।

रुहान हो गया है भावनात्मक रूप से परेशान

दीपिका कक्कड़ ने बताया कि पिछले कुछ समय से रुहान के व्यवहार में बदलाव देखने को मिल रहा है। उनके अनुसार, बीते एक महीने में वह पहले की तुलना में ज्यादा भावुक और संवेदनशील हो गया है। छोटी-छोटी बातों पर घबरा जाता है और माता-पिता को अपने से दूर नहीं जाने देना चाहता। दीपिका ने बताया कि जब रुहान को पता चला कि उन्हें अस्पताल जाना है, तो वह बार-बार उन्हें रोकने की कोशिश करने लगा। वह चाहता था कि उसके माता-पिता उसके साथ ही रहें। दीपिका और उनके पति शोएब इब्राहिम का मानना है कि घर में लगातार अस्पताल आने-जाने और परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी का असर भी बच्चे पर पड़ा है।

PunjabKesari

'मैं चाहकर भी रुहान के साथ नहीं रह पाती'

दीपिका ने कहा कि इलाज के दौरान कई बार उन्हें इतनी ज्यादा कमजोरी और थकान महसूस होती है कि पूरा दिन आराम करना पड़ता है। ऐसे में वह अपने बेटे को पर्याप्त समय नहीं दे पातीं, जिसका उन्हें सबसे ज्यादा दुख होता है। उन्होंने भावुक होकर कहा, जब मैं अस्पताल में होती हूं, तो मैं चाहकर भी रुहान के साथ नहीं रह सकती। कई बार इलाज के कारण इतनी थकान होती है कि कुछ भी करने की ताकत नहीं बचती।

यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज

 

पहले भी जाहिर कर चुकी हैं चिंता

यह पहली बार नहीं है जब दीपिका ने बेटे को लेकर अपनी चिंता जाहिर की हो। इससे पहले भी वह कई व्लॉग्स में बता चुकी हैं कि बीमारी और इलाज के कारण वह रुहान को उतना समय नहीं दे पा रही हैं, जितना वह देना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि इस दौरान पति शोएब इब्राहिम परिवार की जिम्मेदारियां अकेले संभाल रहे हैं और हर कदम पर उनका साथ दे रहे हैं।

PunjabKesari

कैंसर का इलाज जारी

दीपिका कक्कड़ पिछले साल से कैंसर का इलाज करवा रही हैं। हाल ही में उनके स्कैन में दोबारा सिस्ट दिखाई दी थी, लेकिन उपचार के बाद उसे हटा दिया गया। फिलहाल उनकी इम्यूनोथेरेपी चल रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

यें भी पढ़ें : इन दो ब्लड ग्रुप वालों को है सबसे ज्यादा हार्ट अटैक का खतरा, जानें पूरी रिपोर्ट

 

सोशल मीडिया पर फैंस कर रहे हैं दुआ

भले ही दीपिका इन दिनों टीवी स्क्रीन से दूर हैं, लेकिन अपने व्लॉग्स के जरिए वह फैंस से जुड़ी रहती हैं। उनके हर वीडियो पर लाखों लोग उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं और कमेंट्स के जरिए उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह देते हैं। फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static